डाक टाइम्स न्यूज कुशीनगर, 11 मार्च 2026
जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार ने पुलिस विभाग में व्यापक फेरबदल किया है। जारी आदेश के अनुसार 10 निरीक्षक एवं 14 उपनिरीक्षक स्तर के कुल 24 पुलिसकर्मियों का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण कर दिया गया है। प्रेसनोट के अनुसार कई निरीक्षक और उपनिरीक्षक छह माह से अधिक समय से एक ही स्थान पर तैनात थे। प्रशासनिक आवश्यकताओं, कार्यकुशलता तथा जनहित को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक ने यह निर्णय लिया है। आदेश में संबंधित अधिकारियों को उनके नाम के समक्ष अंकित नए कार्यस्थलों पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानांतरण के क्रम में निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पडरौना से प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कुबेरस्थान, निरीक्षक ओम प्रकाश तिवारी को प्रभारी निरीक्षक रविंद्रनगर धूस से प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पडरौना तथा निरीक्षक गिरिजेश उपाध्याय को प्रभारी निरीक्षक खड्डा से प्रभारी निरीक्षक तमकुहीराज नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार निरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह को प्रभारी स्वाट टीम से प्रभारी निरीक्षक कसया, निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह को निरीक्षक यातायात से पुलिस लाइन तथा निरीक्षक अश्विनी कुमार राय को अपराध शाखा से निरीक्षक यातायात की जिम्मेदारी सौंपी गई है। तो वहीं उपनिरीक्षक संदीप सिंह थानाध्यक्ष कुबेरस्थान से थानाअध्यक्ष खड्डा की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके अलावा कई उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। विभिन्न थानों व चौकियों में तैनात उपनिरीक्षकों को नए थानों, चौकियों एवं शाखाओं में स्थानांतरित किया गया है, जिससे पुलिस व्यवस्था को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाया जा सके। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि यह स्थानांतरण प्रशासनिक जरूरतों तथा जनहित को ध्यान में रखते हुए किए गए हैं, ताकि जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके और आमजन को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जा सके।





