कांशीराम जयंती पर खड्डा में सामाजिक एकता का भव्य संगम, जनसेवक पवन दूबे ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

डाक टाइम्स न्यूज खड्डा (कुशीनगर): सामाजिक न्याय और समानता के महान पुरोधा मान्यवर कांशीराम जी की जयंती के अवसर पर खड्डा विकास खण्ड स्थित सरस्वती देवी महाविद्यालय परिसर में खड्डा तहसील क्षेत्र की विभिन्न डॉ. भीमराव अंबेडकर समितियों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक समरसता, शिक्षा और संगठन की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया। समारोह की शुरुआत तथागत भगवान बुद्ध, संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर तथा बहुजन आंदोलन के प्रणेता मान्यवर कांशीराम जी की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर शिक्षाविद् एवं जनसेवक पवन दूबे ने विभिन्न ग्राम सभाओं से पहुंचे डॉ. भीमराव अंबेडकर समितियों के पदाधिकारियों और सदस्यों का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। अपने संबोधन में पवन दूबे ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और मान्यवर कांशीराम जी ने देश को सामाजिक समानता, शिक्षा और अधिकारों की जो राह दिखाई, वही भारत के वास्तविक विकास का आधार है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के हाथ में संविधान केवल एक पुस्तक नहीं बल्कि समाज के हर वर्ग को न्याय और अधिकार दिलाने का प्रतीक है। उनका व्यक्तित्व शिक्षा, आत्मसम्मान और प्रगति की प्रेरणा देता है।पवन दूबे ने आगे कहा कि मान्यवर कांशीराम जी ने बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने अपना पूरा जीवन दलित, पिछड़े और वंचित समाज को संगठित करने तथा उन्हें सामाजिक और राजनीतिक अधिकार दिलाने के लिए समर्पित कर दिया। उनका संघर्ष और समर्पण आज भी समाज को जागरूकता और एकता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को बढ़ावा देना ही बाबा साहेब और मान्यवर कांशीराम जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। जब समाज का अंतिम व्यक्ति शिक्षित और सशक्त होगा, तभी देश का समग्र विकास संभव होगा। कार्यक्रम के दौरान सुप्रसिद्ध लोकगायक पवनराज और मनोज मधुर ने अपने लोकगीतों से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और प्रेरणा से भर उठा। इस अवसर पर प्रमुख रूप से छट्ठू भारती, अंगद भारती, कमलनारायण, राजकुमार भारती, दिवाकर बौद्ध, हरिवंश बौद्ध, राजीव बौद्ध, विपिन मल्ल, श्यामू, अमित, कृष्णमुरारी गौतम सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं अंबेडकर समितियों के सदस्य उपस्थित रहे।