सरस्वती देवी महाविद्यालय में ‘ग्लोबल कम्युनिकेशन के लिए हिंदी’ विषय पर संगोष्ठी, हिंदी के सितारों का हुआ सम्मान
डाक टाइम्स न्यूज | खड्डा, कुशीनगर। खड्डा विकास खंड अंतर्गत सरस्वती देवी महाविद्यालय, खड्डा में हिंदी दिवस के अवसर पर ‘ग्लोबल कम्युनिकेशन के लिए हिंदी’ विषयक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दीपक मिश्र एवं आगंतुक अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके पश्चात महाविद्यालय के शिक्षक अजीत मद्धेशिया ने विषय प्रवर्तन किया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रख्यात साहित्यकार डॉ. संजय कुमार मिश्र ने कहा कि 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने हिंदी को राजभाषा के रूप में अंगीकार किया था। इसी उपलक्ष्य में प्रत्येक वर्ष 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 351 में हिंदी भाषा के वैश्विक उत्थान के लिए अनेक उपाय सुझाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि हिंदी की विशेषता है कि वह अन्य भाषाओं के शब्दों को आत्मसात करते हुए भी अपना स्वरूप बनाए रखती है। आज आवश्यकता है कि हम सभी भाषाओं का सम्मान करते हुए हिंदी को प्रत्येक क्षेत्र में प्रयोग के योग्य और अधिक समृद्ध बनाएं।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में अंग्रेजी विषय के पूर्व प्रवक्ता प्रकाश बहादुर एवं भोजपुरी कवि रामप्रीत प्रजापति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में हिंदी के सितारे सम्मान के अंतर्गत शिक्षक श्रेणी में डॉ. संजय मिश्र एवं प्रकाश बहादुर, नवोदित पत्रकार श्रेणी में हाजरा अंसारी एवं दीपक गुप्ता तथा कवि श्रेणी में रामप्रीत प्रजापति को अंगवस्त्र एवं सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दीपक मिश्र ने की, जबकि संचालन प्रवक्ता शिवम पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के अतिरिक्त डॉ. संतोष मिश्र, डॉ. अजीत शुक्ल, भानु प्रताप विश्वकर्मा, दीनदयाल राजभर, अभिषेक श्रीवास्तव एवं गायत्री पटेल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।