कांग्रेस के ज्ञापन पर प्रशासनिक कार्रवाई शुरू, एसडीएम ने 19 करोड़ की नल-जल परियोजना व लगभग 1 करोड़ की लागत से बना विवाह भवन समेत जनसमस्याओं से जुड़ा पत्र डीएम को भेजा
Daktimes News खड्डा विधानसभा क्षेत्र-329 सहित नगर पंचायत खड्डा में अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत संचालित लगभग 19 करोड़ रुपये की पेयजल पुनर्गठन (नल-जल) परियोजना में कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों के बाद प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू हो गई है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खड्डा-कुशीनगर के अध्यक्ष अनिरुद्ध गुप्ता द्वारा जनहित में प्रस्तुत किए गए ज्ञापनों को श्रीमान उप जिलाधिकारी खड्डा ने श्रीमान जिलाधिकारी कुशीनगर को आवश्यक जांच एवं कार्रवाई के लिए अग्रसारित कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसडीएम कार्यालय खड्डा से जारी पत्रांक 6709/आ0लि0–2026 (ज्ञापन), दिनांक 21 जुलाई 2026 में उल्लेख किया गया है कि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिरुद्ध गुप्ता द्वारा 06 जुलाई 2026 को प्रस्तुत जनहित संबंधी ज्ञापन को मूल रूप में संलग्न करते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को भेजा गया है। वहीं, एसडीएम कार्यालय खड्डा के पत्रांक 6886/एस0टी0–2026, दिनांक 02 सितंबर 2026 के माध्यम से भी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष द्वारा 02 सितंबर को नगर पंचायत एवं विधानसभा खड्डा क्षेत्र की जनहित संबंधी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर दिए गए ज्ञापन को श्रीमान जिलाधिकारी कुशीनगर को आवश्यक कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया गया है।
19 करोड़ की परियोजना में उठे गंभीर सवाल
पहले ज्ञापन में अमृत 2.0 योजना के तहत लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से संचालित पेयजल परियोजना में कथित वित्तीय अनियमितता, शासकीय धन के दुरुपयोग, बिना सक्षम स्वीकृति एवं वैधानिक प्रस्ताव के सार्वजनिक भूमि पर निर्माण कार्य कराए जाने तथा नागरिकों को अपेक्षित रूप से शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं कराए जाने जैसे बिंदुओं को उठाते हुए उच्चस्तरीय जांच एवं विधिक कार्रवाई की मांग की गई है।
पांच सूत्रीय ज्ञापन में जनसमस्याओं पर कार्रवाई की मांग
दूसरे ज्ञापन में नगर पंचायत खड्डा में लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से बना विवाह भवन की जांच, नल-जल योजना की जांच कर सुचारु पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने, बाढ़ एवं कटान पीड़ितों को मुआवजा दिलाने, नारायणी नदी के किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा केशव प्रसाद गुप्ता के भूमि मौजा बुलहवां वार्ड नंबर 7 आजाद नगर, नगर पंचायत छतौनी थाना हनुमानगंज में भूमि से अवैध कब्जे हटाने सहित विभिन्न जनहित के मुद्दे उठाए गए हैं। एसडीएम खड्डा द्वारा दोनों ज्ञापनों से संबंधित पत्र को श्रीमान जिलाधिकारी कुशीनगर को भेजे जाने के बाद अब संबंधित विभागों से जांच कराए जाने और परियोजना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद जगी है। वहीं, क्षेत्रीय नागरिकों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि लगभग 19 करोड़ रुपये की महत्वपूर्ण पेयजल परियोजना का वास्तविक लाभ आम जनता को कितना मिल रहा है, तथा ज्ञापन में उठाई गई जनहित की मांगों पर प्रशासन कब तक ठोस कार्रवाई करता है।