अबीर-गुलाल संग संवाद का संगम, होली मिलन में सजी आत्मीयता की महफिल

205

होली मिलन समारोह में पत्रकारों का हुआ भव्य सम्मान, अबीर-गुलाल व पुष्पवर्षा के बीच रंगारंग आयोजन

डाक टाइम्स न्यूज कप्तानगंज (कुशीनगर): रामकोला विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक रामानन्द बौद्ध के आवास पर रविवार को होली मिलन समारोह आपसी मिलाप, सौहार्द और उत्साह का अनुपम उदाहरण बन गया। “होली मिलन समारोह” के बैनर तले आयोजित इस रंगारंग कार्यक्रम में क्षेत्र के लगभग 70 पत्रकारों को पेन, डायरी व अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। गोरखपुर जर्नलिस्ट एसोसिएशन की इकाई कुशीनगर जिलाअध्यक्ष दिनेश यादव के नेतृत्व में पत्रकारों एवं पूर्व विधायक रामानन्द बौद्ध के बीच आपसी मिलाप, सम्मान, हार्दिक संवाद एवं रंगारंग होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर पत्रकारों और विधायक के बीच न केवल आत्मीय परिचय का आदान-प्रदान हुआ, बल्कि आपसी सौहार्द, सम्मान और सहयोग की भावना को भी सुदृढ़ किया गया. समारोह के दौरान अबीर-गुलाल और गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा के बीच विधायक व पत्रकारों ने फूलों की होली खेली। वातावरण रंगों, हंसी-ठिठोली और पारस्परिक आत्मीयता से सराबोर रहा। उपस्थित जनों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश दिया। अपने संबोधन में श्री बौद्ध ने कहा कि “पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूत आधारशिला है। आपकी ताकत आपकी कलम है। आप से हम हैं, हमसे आप नहीं।” उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं, जो विपरीत परिस्थितियों में भी निष्पक्षता और साहस के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं, जबकि जनप्रतिनिधि सदन में जनता की आवाज बुलंद करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आयोजन केवल सम्मान का नहीं, बल्कि संवाद और समन्वय का सेतु बनाने का प्रयास है।उन्होंने कहा कि होली जैसे पावन पर्व पर सभी भेदभाव भुलाकर आपसी सौहार्द, प्रेम और भाईचारे को सुदृढ़ करना चाहिए। “सबसे बड़ा धर्म मानवता और आपसी प्रेम है,” उन्होंने जोर देते हुए कहा। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार नवजीत सिंह, बेचू बीए, फरेंडर पांडेय एवं मनोज गुप्ता ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए पत्रकार-जनप्रतिनिधि संवाद की आवश्यकता पर बल दिया। संचालन पत्रकार दिनेश यादव ने किया। इस अवसर पर धीरज सिंह, अभिनाश, गौतम गुप्ता, अभिषेक पांडेय, बृजेश सिंह, यादवेंद्र मिश्र, वृद्धि सिंह, संजय मिश्रा, हरेकृष्ण, रोबिन पास्कल, अमित यादव, सुनील यादव, संतोष चौधरी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। रंग, उमंग और आत्मीयता से परिपूर्ण यह आयोजन क्षेत्र में सकारात्मक संवाद और सामाजिक समरसता का संदेश देकर संपन्न हुआ।