करंट की चपेट में आने से पुलिसकर्मी की मौत, विधायक विवेकानंद पांडेय ने पहुंचकर जताई शोक संवेदना
Daktimes News कुशीनगर। हनुमानगंज थाने में तैनात रिक्रूट कांस्टेबल दीपक गुप्ता की शनिवार को करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार को थाना परिसर में अचानक बिजली के करंट की चपेट में आने से उनकी हालत गंभीर हो गई। साथी पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तुर्कहा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही खड्डा विधायक विवेकानंद पांडेय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुर्कहा पहुंचे और शोकाकुल पुलिसकर्मियों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान क्षेत्राधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव, हनुमानगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक दिग्विजय नारायण राय सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने दीपक गुप्ता के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। एक युवा पुलिसकर्मी के इस तरह दुनिया से चले जाने से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।






