सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों समेत छह की मौत, भलुही गांव में पसरा मातम

Daktimes News कप्तानगंज (कुशीनगर)।

कुशीनगर जनपद के हाटा कोतवाली क्षेत्र में हाटा-पिपराइच मार्ग पर थरुआडीह पेट्रोल पंप के समीप रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। तिलक समारोह से लौट रही ओमनी वैन की ट्रेलर से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो मासूम गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए।

मिली जानकारी के अनुसार, कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के रामकोला अंतर्गत विकासखंड कप्तानगंज की ग्राम सभा भलुही निवासी ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कन्हैया प्रसाद अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ महराजगंज जनपद के बभनौली गांव से अपने भाई की ससुराल में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने कुशीनगर के हाटा क्षेत्र स्थित देवराड़ पिपरा गांव गए थे। देर रात समारोह से वापस लौटते समय थरुआडीह पेट्रोल पंप के पास उनकी ओमनी वैन की ट्रेलर से आमने-सामने भिड़ंत हो गई।

इस दर्दनाक हादसे में कन्हैया प्रसाद (40), उनके पिता रामबिलास (65), राममिलन (35), मृदुल मिश्रा (37), सीआरपीएफ जवान रंजय गुप्ता (35) और मिथिलेश गुप्ता (22) की मौत हो गई। वहीं, मृतक राममिलन के पुत्र आयुष और आर्यन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि सीआरपीएफ जवान रंजय गुप्ता दशहरे की छुट्टी पर घर आए थे और कुछ दिनों बाद उन्हें वापस अपनी ड्यूटी पर लौटना था। एक ही परिवार के कई सदस्यों की असमय मौत से भलुही गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

पीड़ित परिवार से मिले सुभासपा नेता रंजीत कनौजिया

घटना की जानकारी मिलते ही सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के पूर्वांचल महासचिव एवं विधानसभा रामकोला के प्रभारी प्रत्याशी रंजीत कनौजिया पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ग्राम सभा भलुही पहुंचे। उन्होंने ग्राम प्रधान कन्हैया गुप्ता के आवास पर पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और इस असहनीय दुख की घड़ी में अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

इस दौरान रंजीत कनौजिया ने कहा कि यह घटना हृदय को झकझोर देने वाली है। हादसे में एक साथ छह लोगों की जान जाना बेहद दुखद और पीड़ादायक है। इस दुख को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी और उसके कार्यकर्ता इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और भविष्य में भी हर संभव सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे। उन्होंने शासन एवं सरकार से पीड़ित परिवार को हर संभव आर्थिक सहायता और आवश्यक मदद दिलाने का भरोसा भी दिलाया।

सांसद विजय कुमार दुबे ने भलुही पहुंचकर शोकाकुल परिवारों से की मुलाकात, व्यक्त की गहरी संवेदना

कुशीनगर के सांसद विजय कुमार दुबे ने हाटा-पिपराइच मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में रामकोला विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा भलुही के छह लोगों की असामयिक मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने शोकाकुल परिवारों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा इस कठिन समय में परिजनों को ढांढस बंधाया। सांसद ने दिवंगत आत्माओं की शांति एवं शोक संतप्त परिवारों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

विधायक और तहसीलदार ने भी पहुंचकर बंधाया ढांढस

हादसे की सूचना पर हाटा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से वैन में फंसे शवों को बाहर निकलवाया। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

वहीं, भलुही गांव में स्थानीय विधायक विनय प्रकाश गोंड और तहसीलदार अभिषेक मिश्रा भी पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर सुभासपा जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, जिला मीडिया प्रभारी हरि राजभर सहित पार्टी के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जनप्रतिनिधियों एवं राजनीतिक नेताओं ने भी जताया गहरा शोक

भलुही गांव में हुए इस हृदयविदारक हादसे पर विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों एवं नेताओं ने भी गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। सुकरौली की ब्लॉक प्रमुख रंजना पासवान, समाजवादी पार्टी के नेता महातम प्रसाद, पूर्व जिला जज एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख सहित अन्य गणमान्य लोगों ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। सभी ने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।