रोडवेज बस का कहर! टेंपो को टक्कर मारने के बाद राहगीरों को कुचला, नर्स की मौत; 17 घायल

छावनी इलाके में शाम को मची चीख-पुकार, बैरिकेडिंग कर पुलिस ने बस रोकी, चालक हिरासत में

Daktimes news पडरौना। शहर के छावनी इलाके में मंगलवार शाम एक रोडवेज बस की टक्कर से दर्दनाक हादसा हो गया। चालक ने पहले सवारियों से भरे टेंपो में टक्कर मार दी। इसके बाद बस लेकर भागने के दौरान कई राहगीरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक निजी अस्पताल में कार्यरत 24 वर्षीय स्टाफ नर्स की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 7:20 बजे चालक बस लेकर कसया जाने के लिए निकला था। छावनी इलाके में पहुंचते ही बस ने सवारियों से भरे एक टेंपो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद चालक ने बस रोकने के बजाय आगे बढ़ा दी और भागने के दौरान कई राहगीरों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बैरिकेडिंग लगाकर रोकी गई बस, चालक हिरासत में

हादसे के बाद बस लेकर भाग रहे चालक को रविंद्रनगर धूस पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक लिया और उसे हिरासत में ले लिया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को छावनी रोड स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। बाद में पुलिस की मदद से घायलों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उनका उपचार शुरू कराया गया।

मेडिकल कॉलेज पहुंचे अधिकारी, उपचार व्यवस्था का लिया जायजा

घटना की सूचना मिलते ही पडरौना कोतवाली और रविंद्रनगर धूस थाने की पुलिस सक्रिय हो गई। एएसपी सिद्धार्थ वर्मा, एसडीएम पडरौना विवेक मिश्रा और सीओ सिटी रितेश प्रताप सिंह भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों के उपचार की स्थिति और अस्पताल में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दर्दनाक हादसे में 24 वर्षीय स्टाफ नर्स की मौत से शोक का माहौल है। वहीं, 17 लोगों के घायल होने के बाद हादसे की गंभीरता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

रोडवेज बस दुर्घटना में चालक हिरासत में, एसपी ने घायलों का जाना हाल

पडरौना, कुशीनगर। थाना कोतवाली पडरौना क्षेत्र में रोडवेज बस दुर्घटना के मामले में पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लिया है। पुलिस अधीक्षक श्री केशव कुमार ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों एवं उनके परिजनों से बातचीत की तथा चिकित्सकों से स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार और बेहतर देखभाल के निर्देश दिए।