विधायक विवेकानंद पाण्डेय और दुर्गेश्वर वर्मा के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, तिरंगे के रंग में रंगा खड्डा नगर, गूंजा ‘भारत माता की जय’ का जयघोष
भाजपा के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत नगर में निकली विशाल यात्रा, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व सभासदों ने हाथों में थामा राष्ट्रीय ध्वज
डाक टाइम्स न्यूज खड्डा। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत खड्डा नगर में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। विधानसभा खड्डा के विधायक विवेकानंद पाण्डेय तथा नगर पंचायत खड्डा अध्यक्ष प्रतिनिधि दुर्गेश्वर वर्मा सहित वार्ड सभासदों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर नगर भ्रमण किया। यात्रा के दौरान पूरा खड्डा नगर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। तिरंगा यात्रा के दौरान जगह-जगह देशभक्ति गीतों और ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। हाथों में लहराता राष्ट्रीय ध्वज और देशभक्ति के नारों से उत्साहित कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बन रहा था। नगर की सड़कों पर उमड़ा जनसमूह तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रदर्शित कर रहा।
तिरंगे के सम्मान का लिया संकल्प
यात्रा में शामिल जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान व्यक्त करने का आह्वान किया।विधायक विवेकानंद पाण्डेय ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, संप्रभुता और करोड़ों देशवासियों के गौरव का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से राष्ट्रहित और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का संकल्प लेने की अपील की। वहीं, अध्यक्ष प्रतिनिधि दुर्गेश्वर वर्मा ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों के भीतर राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करना तथा नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास एवं राष्ट्रीय ध्वज के महत्व से जोड़ना है।
अमर बलिदानियों को किया नमन
तिरंगा यात्रा के दौरान देश की आजादी और राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर बलिदानियों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। विधायक विवेकानंद पाण्डेय ने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं, उसके पीछे असंख्य वीर सपूतों का त्याग, संघर्ष और बलिदान है। उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल कपड़े का एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, गौरव, स्वाभिमान और वीर बलिदानियों की अमर गाथा का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा के दौरान अमर बलिदानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।
राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा खड्डा
भव्य तिरंगा यात्रा के दौरान नगर का माहौल पूरी तरह देशभक्ति से सराबोर रहा। हाथों में तिरंगा और दिल में देश के प्रति सम्मान लिए लोगों ने पूरे उत्साह के साथ यात्रा में सहभागिता की। जगह-जगह नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया। तिरंगा यात्रा ने नगरवासियों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने तिरंगे की आन, बान और शान को सदैव बनाए रखने तथा राष्ट्रहित में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।