सिंगहाँ में विशाल निःशुल्क हेल्थ कैंप, 1554 लोगों ने कराया पंजीकरण; विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार
डाक टाइम्स न्यूज खड्डा/नेबुआ-नौरंगिया। ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से विधानसभा खड्डा के समाजवादी पार्टी नेता एवं जनसेवक पवन दूबे द्वारा चलाया जा रहा निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में नेबुआ-नौरंगिया विकासखंड की ग्राम पंचायत सिंगहाँ में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आसपास के सिंगहाँ, मठिया खुर्द, दमोदरी, बसंतपुर, सिरसिया खुर्द, कठिनहिया, सुखारी छपरा, पलट छपरा सहित विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे।शिविर में गोरखपुर के रिजेंसी हॉस्पिटल के कार्डियोलॉजी, गैस्ट्रोलॉजी, आर्थोलॉजी विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं जनरल फिजीशियन की देखरेख में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, जांच एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य शिविर में कुल 1554 लोगों ने पंजीकरण कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया। इस अवसर पर ग्रामीणों की विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी गई। आर्थिक रूप से कमजोर और दूरदराज के ग्रामीणों के लिए यह शिविर किसी बड़ी राहत से कम नहीं रहा।
स्वास्थ्य सेवा से आगे बढ़कर मानवता की मिसाल
जनसेवक पवन दूबे की ओर से आयोजित इस अभियान को केवल स्वास्थ्य शिविर नहीं, बल्कि मानवता और सामाजिक सरोकार से जुड़ी पहल के रूप में देखा जा रहा है। ग्रामीण अंचलों में जहां आर्थिक अभाव के कारण अनेक लोग समय पर विशेषज्ञ चिकित्सकों तक नहीं पहुंच पाते, वहां इस तरह के निःशुल्क शिविर जरूरतमंद परिवारों के लिए उम्मीद और भरोसे का माध्यम बन रहे हैं। शिविर में आने वाले लोगों के लिए पवन दूबे द्वारा जलपान की भी व्यवस्था कराई गई। स्वास्थ्य सेवा के साथ आगंतुकों की सुविधा और सम्मान का ध्यान रखना भी आयोजन की विशेषता रही। शिविर का उद्घाटन विधानसभा खड्डा के समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता सुभाष साहनी एवं डॉ. शहाबुद्दीन ने किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने ग्रामीण क्षेत्र में लगातार निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाने की पहल की सराहना की। इस अवसर पर राजेंद्र यादव, बुधई गुप्ता, बुलेट अंसारी, जनार्दन यादव, अशोक कुमार, रामाधार गुप्ता, धनंजय गौतम, प्रभु निषाद, मुन्नीलाल, रामशुभग, राजेश गौतम, श्रीराम कुशवाहा, ऐनायतुल्ला, नियाज अहमद, अंगद कुशवाहा एवं सुदामा प्रसाद सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।