मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा पांच सूत्रीय ज्ञापन, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई, फांसी की सजा और पांच करोड़ मुआवजे की मांग
डाक टाइम्स न्यूज कप्तानगंज। जिला सिविल कोर्ट गोरखपुर के अधिवक्ता आदित्य तिवारी के पिता शिवकुमार त्रिपाठी की हत्या से अधिवक्ता समाज में आक्रोश व्याप्त है। घटना से मर्माहत कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन, कप्तानगंज के अधिवक्ताओं ने बुधवार को मुख्यमंत्री के नाम उप जिलाधिकारी आकांक्षा मिश्रा को पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की मांग की। अधिवक्ताओं ने मांग उठाई कि हत्या में शामिल आरोपितों एवं दोषियों के विरुद्ध फास्ट ट्रैक कोर्ट में नियमित सुनवाई कराते हुए कठोरतम दंड सुनिश्चित किया जाए। जघन्य अपराध को देखते हुए दोषियों को फांसी की सजा दिए जाने की मांग भी ज्ञापन में प्रमुखता से रखी गई। इसके साथ ही मृतक के आश्रित परिवार को पांच करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की गई। ज्ञापन के माध्यम से अधिवक्ता आदित्य तिवारी एवं उनके परिवार की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा मृतक के आश्रित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी की गई। वहीं अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर लंबे समय से उठ रही मांग के मद्देनजर ‘अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट’ को अविलंब लागू करने की आवाज बुलंद की गई।अधिवक्ताओं ने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और उनके परिवार की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने सरकार से मांग की कि मामले में त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के साथ ही दोषियों के विरुद्ध ऐसी कठोर कार्रवाई की जाए, जिससे कानून व्यवस्था के प्रति आमजन और अधिवक्ता समाज का विश्वास और मजबूत हो। इस दौरान बार एसोसिएशन अध्यक्ष हीरा पाण्डेय, महामंत्री उमेश कुमार दूबे, पूर्व अध्यक्ष विनोद कुमार मिश्रा, मिर्जा एक्तेदार हुसैन, राम प्रताप सिंह, दीनानाथ शर्मा, प्रभंस प्रसाद, अरुण सिंह, राजनन्द लाल श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। सभी ने घटना पर गहरा दुख एवं आक्रोश व्यक्त करते हुए सरकार से ज्ञापन में उल्लिखित पांचों मांगों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।