डाक टाइम्स न्यूज सीधावल-परतावल मार्ग स्थित पकड़ी चौराहा के समीप दिन सोमवार की दोपहर तेज रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर निवासी रामू राजभर (35) अपनी पत्नी करीना देवी (33) और रिश्तेदार करिश्मा (17) के साथ बाइक से किसी कार्यवश पिपराइच जा रहे थे। इसी दौरान पकड़ी चौराहे के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे में करीना देवी और करिश्मा को चोटें आईं, जबकि बाइक चालक रामू राजभर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, जबकि परिजन घायलों को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपराइच ले गए, जहां रामू राजभर का इलाज चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी प्रविंद कुमार राय ने बताया कि तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।





