Daktimes News अहिरौली बाजार (कुशीनगर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के घोघरा गांव निवासी 22 वर्षीय सीपू सिंह पुत्र नरसिंह की शनिवार की रात 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से बुरी तरह झुलसकर मौत हो गई। घटना थाना क्षेत्र के बेलवा बैरिया गांव के पास की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, सीपू सिंह को उसके साथ मौजूद युवक निजी साधन से मेडिकल कॉलेज गोरखपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद साथी उसका शव घोघरा गांव स्थित घर पर छोड़कर चले गए। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने अहिरौली बाजार थाने को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया है कि शनिवार शाम खाना खाने के बाद सीपू घर के दरवाजे पर टहल रहा था। इसी दौरान एक युवक मोटरसाइकिल से आया और उसे यह कहकर अपने साथ ले गया कि थोड़ी देर में वापस आ जाएंगे।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अहिरौली बाजार विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला बिजली के तार की चोरी के प्रयास का प्रतीत हो रहा है, इसी दौरान करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है। मामले में दो युवकों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच में जुटी हुई है।