शिक्षा, संस्कृति और रंगारंग प्रस्तुतियों से सजा जेपी इंटर कॉलेज का 33वां स्थापना दिवस समारोह

  • देर रात तक गूंजती रही तालियां, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

डाक टाइम्स न्यूज कप्तानगंज स्थित जेपी इंटरमीडिएट कॉलेज का 33वां स्थापना दिवस समारोह मंगलवार को भव्य और उत्साहपूर्ण माहौल में धूमधाम से मनाया गया। देर रात तक चले इस आयोजन में विद्यार्थियों, अभिभावकों और क्षेत्रीय लोगों का उत्साह देखने लायक रहा। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगी रोशनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गुलजार नजर आया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामकोला विधायक विनय प्रकाश गौड़, खड्डा विधायक विवेकानंद पाण्डेय तथा हाटा विधायक मोहन वर्मा रहे। वहीं नगर पंचायत रामकोला के चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश चौधरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष हरेराम गुप्त समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, कुल गीत, देशभक्ति गीत, राजस्थानी लोकनृत्य, झांसी की रानी पर आधारित लघु नाटिका, शिव वंदना नृत्य सहित अनेक मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय के पूर्व छात्रों ने भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। तेज सिंह कुशवाहा, मानसी सिंह, आयुषी सिंह, देवानंद, निशा भारती और मोनिका अग्रहरी सहित कई विद्यार्थियों ने सराहनीय गीत प्रस्तुत किए। वहीं जादूगर करण रैना ने अपनी जादुई कला और ‘गोरिल्ला डांस’ से समारोह में मनोरंजन का तड़का लगा दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विवेकानंद पाण्डेय ने कहा कि शिक्षण संस्थान राष्ट्र निर्माण की धुरी होते हैं और शिक्षक-विद्यार्थी यदि पूरी निष्ठा से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें तो देश प्रगति के नए आयाम स्थापित कर सकता है। विधायक मोहन वर्मा ने भी शिक्षा और शिक्षकों की महत्ता पर प्रकाश डाला।रामकोला विधायक विनय प्रकाश गौड़ ने कहा कि जेपी इंटरमीडिएट कॉलेज ने पिछले 33 वर्षों में संघर्ष और परिश्रम के बल पर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रीराम प्रसाद ने बताया कि संस्थान से पढ़े अनेक छात्र आज प्रशासनिक सेवा, न्यायपालिका, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, राजनीति, विज्ञान और कला समेत विभिन्न क्षेत्रों में देश और समाज की सेवा कर रहे हैं तथा सफलता का परचम लहरा रहे हैं।

समारोह में क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य नागरिक, अभिभावक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।