Daktimes News कप्तानगंज/गोरखपुर। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट कप्तानगंज ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 किलो 318 ग्राम चरस बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अनुमानित कीमत लगभग 11 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई हेतु जीआरपी थाना गोरखपुर के सुपुर्द कर दिया गया। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी के निर्देशन एवं प्रभारी निरीक्षक कप्तानगंज के आदेश पर मंगलवार 29 अप्रैल 2026 को आरपीएफ टीम द्वारा ट्रेन संख्या 15273 में सिसवा बाजार से कप्तानगंज के बीच अपराध नियंत्रण एवं मादक पदार्थ तस्करी रोकथाम को लेकर विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान आरपीएफ नरकटियागंज के सहायक उपनिरीक्षक कमलेश सिंह यादव भी संयुक्त अभियान में शामिल हुए। जांच के दौरान ट्रेन के S-2 कोच संख्या – 255634 के दरवाजे के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान तराबुल पुत्र सकुर निवासी गौरीपुर शेख टोला थाना बलथर, जिला पश्चिमी चंपारण तथा जोगिंदर प्रसाद पुत्र रामस्वरूप शाह निवासी बेलवानिया थाना मैनाटाड़, जिला पश्चिमी चंपारण के रूप में हुई। तलाशी में दोनों के पास कुल 14 पैकेट चरस बरामद हुए। आरपीएफ के अनुसार तराबुल के पास से 2 किलो 150 ग्राम तथा जोगिंदर प्रसाद के पास से 2 किलो 168 ग्राम चरस बरामद की गई। मौके पर ही बरामद माल का वजन कर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई पूरी की गई। पूरी कार्रवाई सहायक सुरक्षा आयुक्त छपरा मुकेश कुमार पवार की सहमति से सहायक उपनिरीक्षक अजय कुमार राय द्वारा संपन्न कराई गई। इस मामले में जीआरपी थाना गोरखपुर पर मुकदमा अपराध संख्या 64/26, U/S 08, 20 एनडीपीएस एक्ट के तहत पंजीकृत किया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक दिग्विजय परमार को सौंपी गई है। रेलवे सुरक्षा बल की इस कार्रवाई को मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। लगातार चलाए जा रहे विशेष अभियान से तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।





