छठ पर्व पर रेल यात्रियों को मिलेगी सुविधा, टाटानगर-छपरा के बीच चलेगी दो फेरों में त्योहार स्पेशल ट्रेन

Daktimes News गोरखपुर, 11 नवंबर। दीपावली के बाद छठ महापर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने टाटानगर और छपरा के बीच त्योहार विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। 08185/08186 टाटानगर-छपरा-टाटानगर त्योहार स्पेशल ट्रेन का संचालन दो-दो फेरों में किया जाएगा। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के अनुसार, गाड़ी संख्या 08185 टाटानगर-छपरा त्योहार स्पेशल 12 एवं 17 नवंबर 2026 को टाटानगर से शाम 6:10 बजे प्रस्थान करेगी। यह चण्डिल, पुरुलिया, बोकारो स्टील सिटी, चन्द्रपुरा, धनबाद, चितरंजन, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, किऊल, बरौनी, शाहपुर पटोरी, हाजीपुर एवं सोनपुर होते हुए अगले दिन सुबह 10:30 बजे छपरा पहुंचेगी। वापसी यात्रा में गाड़ी संख्या 08186 छपरा-टाटानगर त्योहार स्पेशल 13 एवं 18 नवंबर 2026 को छपरा से दोपहर 12:40 बजे रवाना होगी। यह सोनपुर, हाजीपुर, शाहपुर पटोरी, बरौनी, किऊल, झाझा, जसीडीह, मधुपुर, चितरंजन, धनबाद, चन्द्रपुरा, बोकारो स्टील सिटी, पुरुलिया एवं चण्डिल होते हुए अगले दिन सुबह 4 बजे टाटानगर पहुंचेगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार इस विशेष ट्रेन में शयनयान श्रेणी के 15, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का एक तथा एसएलआरडी के दो कोच सहित कुल 18 कोच लगाए जाएंगे। रेलवे के इस निर्णय से छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी तथा त्योहार के दौरान यात्रियों की भीड़ कम करने में भी मदद मिलेगी।