शिक्षा को नई उड़ान: विधायक निधि से बने कक्ष व बरामदे का लोकार्पण, विद्यार्थियों को मिलेगा बेहतर माहौल

19

डाक टाइम्स न्यूज कप्तानगंज/सुकरौली। विकास खण्ड सुकरौली के सेंदुआर अहिरौली बाजार स्थित फतेह बहादुर सिंह इंटर कॉलेज में सोमवार को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई, जब हाटा क्षेत्र के विधायक मोहन वर्मा ने विधायक निधि से निर्मित नए शिक्षण कक्ष एवं बरामदे का विधिवत लोकार्पण किया। यह निर्माण कार्य वित्तीय वर्ष 2023-24 की विधायक निधि विकास योजना के तहत लगभग 5 लाख रुपये की लागत से पूर्ण कराया गया है, जिससे विद्यालय की आधारभूत संरचना को मजबूती मिली है।लोकार्पण अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक मोहन वर्मा ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर संसाधनों का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय परिवार को इस सराहनीय कार्य के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस नई व्यवस्था से विद्यार्थियों को सुविधाजनक और प्रेरणादायक वातावरण में अध्ययन का अवसर मिलेगा। इस कार्यक्रम में सुकरौली ब्लॉक प्रमुख रंजना पासवान, जय प्रकाश शाही, जितेंद्र सिंह, विद्यालय प्रबंधक मनीष सिंह एवं प्रधानाचार्या रश्मि शाही सहित सत्येंद्र सिंह, बाबुनंदन सिंह, अभय प्रताप सिंह, सर्वेश त्रिपाठी, संतोष सिंह, मनोज कुमार पाण्डेय, विनोद कुमार सिंह, नंदू सिंह समेत अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने इस पहल को क्षेत्र में शैक्षिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए सराहा।