Daktimes News: खड्डा, कुशीनगर।
केन यूनियन (सहकारी गन्ना विकास समिति) की साधारण सभा की बैठक शनिवार को यूनियन परिसर में चेयरमैन सुप्रियमय मालवीय की अध्यक्षता में संपन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ पिछड़ा आयोग के सदस्य फूलबदन कुशवाहा के उद्बोधन के साथ हुआ, जिसमें किसान हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई और अहम निर्णय लिए गए। बैठक में उपस्थित प्रगतिशील किसानों एवं संचालक मंडल ने समिति के सचिव की अनुपस्थिति पर कड़ा रोष व्यक्त किया। सभी ने एक स्वर में इसे किसान हितों के प्रति लापरवाही बताते हुए उनके विरुद्ध निंदा प्रस्ताव पारित करने की घोषणा की। हालांकि बाद में सचिव ने अपनी सफाई देते हुए बताया कि उनकी तबीयत ठीक नहीं थी—बीपी बढ़ने और चक्कर आने के कारण वे बैठक में शामिल नहीं हो सके। कार्यक्रम की शुरुआत परिसर स्थित नव-निर्माणाधीन शिव मंदिर में विधिवत पूजन-अर्चन के साथ हुई।
चेयरमैन सुप्रियमय मालवीय ने आचार्यों की देखरेख में पूजा कर सभा का शुभारंभ किया। इसके बाद आयोजित बैठक में किसानों की समस्याओं, गन्ना भुगतान, खाद-बीज की उपलब्धता एवं आधुनिक कृषि तकनीकों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्य अतिथि फूलबदन कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने पारदर्शी व्यवस्था, समय पर गन्ना भुगतान और समितियों को सशक्त बनाने पर जोर देते हुए किसानों को उन्नत खेती और तकनीकी जानकारी से जोड़ने की आवश्यकता बताई। इस अवसर पर चेयरमैन सुप्रियमय मालवीय ने अपने कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करते हुए गन्ना पड़ताल में पारदर्शिता, किसानों के लिए आधुनिक संसाधनों की उपलब्धता और समिति के माध्यम से उनके हितों की रक्षा हेतु उठाए गए कदमों की जानकारी दी। उन्होंने सचिव के कार्य व्यवहार को किसान विरोधी बताते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग भी उठाई। कार्यक्रम के दौरान पत्रकार बंधुओं को फूल-माला एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार समाजसेवी अनिरुद्ध गुप्ता ने चीनी मिल द्वारा किसानों को समय से भुगतान सुनिश्चित करने तथा फैक्ट्री के कुशल संचालन की सराहना करते हुए प्रबंधन को बधाई दी। सभा को आईपीएल चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक एन.पी. सिंह, केन हेड सुधीर कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया और किसानों के हितों से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे। बैठक में संचालक मंडल के सदस्य सुकुरूल्लाह अंसारी, मुन्ना जायसवाल, रमेश शुक्ला, संजय तिवारी, अनुराग तिवारी, विकास यादव, ज्योतिर्मय मालवीय सहित बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसान एवं महिला स्वयंसेवी उपस्थित रहीं।





