कलम के सिपाही के लिए बढ़े मदद के हाथ, शहीद दिवस पर भेंट हुई ट्राइसाइकिल

डाक टाइम्स न्यूज कप्तानगंज (कुशीनगर):
शहीद दिवस के अवसर पर समाजसेवा और संवेदनशीलता का सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए बोदरवार बाजार निवासी वरिष्ठ पत्रकार एवं कलम के सशक्त सिपाही विश्वनाथ शर्मा को पी.जी. स्कूल के प्रबंधक एस.पी. सिंह तथा प्रधानाचार्य संगीता सिंह द्वारा ट्राइसाइकिल भेंट की गई। इस मानवीय पहल के माध्यम से शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पत्रकार विश्वनाथ शर्मा समाचार संकलन के दौरान एक दुर्घटना का शिकार हो गए थे। उनकी बाइक फिसलने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही गोजए एवं प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकार साथी तत्काल मौके पर पहुंचे और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया। दुर्घटना में सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उनके शरीर के दाहिने हिस्से में पैरालिसिस हो गया, जिससे उनकी दिनचर्या प्रभावित हो गई। जैसे ही यह जानकारी क्षेत्र में फैली, पी.जी. स्कूल प्रबंधन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सोमवार को उनके आवास पहुंचकर ट्राइसाइकिल भेंट की, ताकि उन्हें आवागमन में सहूलियत मिल सके। इस मानवीय कार्य की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। इस अवसर पर गोजए एवं प्रेस क्लब के सदस्य दिनेश यादव, बेचू बी.ए., नवजीत सिंह, अभिषेक पाण्डेय, यागवेन्द्र मिश्र, शिकारी सिंह, राकेश शर्मा, गौतम गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।