Daktimes News कुशीनगर। जनपद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए छठ महापर्व के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है। जिलाधिकारी संजय चौहान ने 16 नवंबर 2026, सोमवार को छठ पूजा के परायण के अवसर पर स्थानीय/सार्वजनिक अवकाश में समायोजन किए जाने का आदेश दिया है।
जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, पूर्व में 19 अक्टूबर 2026 को महानवमी पर्व के दृष्टिगत घोषित स्थानीय अवकाश को निरस्त करते हुए उसके स्थान पर 16 नवंबर 2026 को छठ पूजा परायण के अवसर पर स्थानीय अवकाश निर्धारित किया गया है।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में उत्तर प्रदेश शासन के संबंधित निर्देशों एवं मैनुअल ऑफ गवर्नमेंट ऑर्डर्स (संशोधित)-1981 के प्रावधानों के तहत प्राप्त अधिकारों का उल्लेख किया गया है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि शासन स्तर से उक्त पर्व पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाता है तो यह आदेश स्वतः निष्प्रभावी हो जाएगा।
जिलाधिकारी ने आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू करने का निर्देश दिया है। इसकी प्रतिलिपि आयुक्त गोरखपुर मंडल, जनपद न्यायाधीश, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं सूचनार्थ भेजी गई है।