खड्डा: मतदाता सूची में 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवाओं के नाम जोड़ना अनिवार्य, एसडीएम ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक

Daktimes News खड्डा, कुशीनगर (13 नवंबर 2026)। तहसील खड्डा में उपजिलाधिकारी संतराज सिंह बघेल की अध्यक्षता में शुक्रवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मतदाता सूची में नाम जोड़ने एवं मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के संबंध में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उपजिलाधिकारी ने कहा कि जिन युवाओं की आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, उन सभी का नाम मतदाता सूची में जुड़ना अत्यंत आवश्यक है। कोई भी पात्र व्यक्ति मतदान के अधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें और अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करें। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि मतदाता सूची में किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम छूटने न पाए। नाम जोड़ने की प्रक्रिया में पूरी सावधानी बरती जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की शिकायत या आपत्ति की स्थिति उत्पन्न न हो।

बैठक में कांग्रेस पार्टी के नेता अनिरुद्ध गुप्ता, समाजवादी पार्टी के नेता अमर जायसवाल, संजय यादव एवं मुन्ना यादव तथा बहुजन समाज पार्टी के नेता राजन जायसवाल ने प्रतिभाग किया। उपजिलाधिकारी ने सभी उपस्थित प्रतिनिधियों से मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी एवं अद्यतन बनाने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

विज्ञापन