छठ पूजा की तैयारियों का विधायक विवेकानन्द पाण्डेय व उपजिलाधिकारी संतराज सिंह बघेल ने लिया जायजा

Daktimes News खड्डा, कुशीनगर। लोक आस्था एवं सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर पंचायत खड्डा में तैयारियां तेज हो गई हैं। नगर के प्रमुख जटाशंकर पोखरे पर छठ पूजा की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। नगर पंचायत प्रशासन की टीम घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित इंतजामों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है। इसी क्रम में खड्डा विधायक विवेकानन्द पाण्डेय ने अपने गृह नगर खड्डा स्थित छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान चेयरमैन प्रतिनिधि दुर्गेश्वर वर्मा, उपजिलाधिकारी संतराज सिंह बघेल एवं थानाध्यक्ष महेश कुमार चौबे, प्रदीप गुप्ता सभासाद सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा व्रती महिलाओं एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी तैयारियों का अवलोकन किया। विधायक विवेकानन्द पाण्डेय ने कहा कि छठ महापर्व हमारी लोक आस्था और संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है। व्रती माताओं एवं श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, नगर पंचायत प्रशासन द्वारा जटाशंकर पोखरे सहित क्षेत्र के अन्य छठ घाटों पर भी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि छठ महापर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

विज्ञापन