सरस्वती देवी महाविद्यालय में फार्मासिस्ट दिवस की धूम, ‘स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्टों को सशक्त बनाने’ का दिया संदेश

Daktimes News खड्डा, कुशीनगर। विश्व फार्मासिस्ट दिवस 2026 के अवसर पर सरस्वती देवी महाविद्यालय, खड्डा बाजार के डी.फार्म विभाग में शुक्रवार को विविध कार्यक्रमों का आयोजन उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस वर्ष विश्व फार्मासिस्ट दिवस की थीम “Empowering Pharmacists for Healthier Futures” रही।

कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य जागरूकता रैली, भाषण प्रतियोगिता, पोस्टर प्रेजेंटेशन, प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं विषयगत समझ का प्रदर्शन किया। भाषण प्रतियोगिता में मुन्ना कुशवाहा ने प्रथम, तबरेज अंसारी ने द्वितीय तथा असरार अहमद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर प्रेजेंटेशन में सोनी गुप्ता प्रथम रहीं। प्रदर्शनी प्रतियोगिता में नंदनी गुप्ता तथा क्विज प्रतियोगिता में अंजू मौर्य ने प्रथम स्थान हासिल किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं स्वास्थ्य जागरूकता रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया और समाज में फार्मासिस्ट की महत्वपूर्ण भूमिका का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित सेमिनार में डी.फार्म विभागाध्यक्ष रवि पाण्डेय ने विषय प्रवर्तन करते हुए फार्मेसी क्षेत्र की भूमिका एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को फार्मासिस्ट के रूप में उनकी व्यावसायिक जिम्मेदारियों, स्वास्थ्य सेवा तथा जन-जागरूकता के महत्व से अवगत कराया।

कार्यक्रम के अध्यक्षीय उद्बोधन में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दीपक मिश्र ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता शिवम पांडेय ने किया। इस अवसर पर अजीत मद्धेशिया, डॉ. संतोष मिश्र, सुनील मिश्र, बबिता जायसवाल, अजमेर अली, दिलीप कुमार सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।