‘मेरे सपनों का भारत’ में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, चित्रकला व निबंध प्रतियोगिता में विजेताओं ने मारी बाजी

Daktimes News कप्तानगंज (कुशीनगर)। प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदर दास मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संगठन द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी मण्डल कप्तानगंज के तत्वावधान में दादी राजमती महाविद्यालय, पटखौली कप्तानगंज में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपने चित्रों एवं निबंधों के माध्यम से भारत के भविष्य, विकास और अपने सपनों की कल्पना को अभिव्यक्त किया। प्रतियोगिता में काजल, ज्योति और नेहा संयुक्त रूप से प्रथम स्थान पर रहीं, जबकि पूजा यादव ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं अंकित यादव एवं पूजा कुशवाहा तृतीय स्थान पर रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों ने प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की। आयोजन में मण्डल अध्यक्ष हरेराम गुप्त, वरिष्ठ भाजपा नेता राधेश्याम पासवान, रणजीत सिंह, राज सिंह, लक्ष्मण सिंह एवं मनोज कुमार मिश्र सहित अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक अभिव्यक्ति के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण, विकास और भविष्य के भारत को लेकर उनकी कल्पनाओं को मंच प्रदान करना रहा।