Daktimes News कप्तानगंज (कुशीनगर)। शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर सोमवार को नगर स्थित जनता इंटर कॉलेज के सभागारमें उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की ओर से एक गरिमामय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा जगत में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को सम्मानित करते हुए उनके समर्पण, त्याग और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका को नमन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय गोरखपुर द्वितीय के अंतर्गत शाखा कप्तानगंज द्वारा किया गया। इस अवसर पर उप क्षेत्रीय प्रबंधक आलोक मोहन खरे, शाखा प्रबंधक शिवम पांडेय एवं सहायक प्रबंधक मुकेश कुमार राय ने उपस्थित शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को बैंक की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं तथा आधुनिक बैंकिंग सेवाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र की मजबूत नींव तैयार करने वाले वास्तविक राष्ट्र निर्माता हैं। उनके ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन से ही नई पीढ़ी का भविष्य संवरता है। शिक्षक दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक परिवार द्वारा शिक्षकों को सम्मानित किया जाना शिक्षा के प्रति समाज और संस्थाओं की सकारात्मक सोच का परिचायक है। समारोह के दौरान विद्यालय के सम्मानित शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक परिवार की ओर से सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर शिक्षकों के चेहरे खिल उठे और पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र पांडेय, प्रधानाचार्य जगदंबा पांडेय सहित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के कर्मचारी एवं विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।