








Daktimes News छितौनी/कुशीनगर। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को छितौनी नगर पंचायत स्थित सुप्रसिद्ध पथलेश्वरनाथ धाम में आस्था और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं जनसेवक पवन दूबे के नेतृत्व में आयोजित महाभंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक खिचड़ी और दही का प्रसाद ग्रहण किया।
नारायणी नदी के समीप पनियहवा स्थित बाबा पथलेश्वरनाथ धाम में श्रावण मास के दौरान भगवान शिव के स्वयंभू शिवलिंग पर जलाभिषेक के लिए दूर-दराज क्षेत्रों से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। अंतिम सोमवार को भी मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों पर भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई। श्रद्धालुओं की सेवा के उद्देश्य से आयोजित महाभंडारे का शुभारंभ पीठाधीश्वर डॉ. सत्येंद्र गिरी महाराज ने विधिवत पूजन-अर्चन कर किया। इसके बाद श्रीमती श्वेतलाना दूबे के नेतृत्व में क्षेत्र के दर्जनों युवा सेवादार सेवा कार्य में जुट गए। महाभंडारे की विशेषता यह रही कि नौजवान सेवादारों ने केवल भंडारा स्थल पर ही नहीं, बल्कि मंदिर परिसर में मौजूद महिला श्रद्धालुओं, बच्चों, बुजुर्गों, संत समाज और दुकानदारों तक स्वयं पहुंचकर प्रसाद वितरित किया। सेवादारों की इस पहल ने श्रद्धालुओं के बीच सेवा और समर्पण का संदेश दिया।श्रावण के प्रत्येक सोमवार को पथलेश्वरनाथ धाम में लगने वाले मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में महाभंडारे के माध्यम से दूर-दराज से आने वाले भक्तों को प्रसाद उपलब्ध कराना आयोजन की मानवीय और सामाजिक भावना को दर्शाता है। महाभंडारे में श्रद्धालुओं की सेवा में युवाओं की सक्रिय भागीदारी पूरे आयोजन का प्रमुख आकर्षण रही।






