भारत-नेपाल के रिश्तों को मिलेगी नई रेल कनेक्टिविटी, अयोध्या धाम से जनकपुर धाम के बीच चलेगी साप्ताहिक एक्सप्रेस

Daktimes News गोरखपुर के रास्ते गुजरेगी ट्रेन, 23 नवंबर को अयोध्या और 24 नवंबर को जनकपुर धाम से होगा उद्घाटन विशेष गाड़ी का संचालन

गोरखपुर, 22 नवंबर 2026। भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में रेल मंत्रालय ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। मंत्रालय ने जनकपुर धाम (नेपाल)-अयोध्या धाम जंक्शन-जनकपुर धाम (नेपाल) के बीच 15595/15596 साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की स्वीकृति प्रदान की है। इस नई रेल सेवा का शुभारंभ 23 और 24 नवंबर को उद्घाटन विशेष गाड़ी के संचालन के साथ किया जाएगा। यह ट्रेन गोरखपुर सहित पूर्वांचल और बिहार के कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिससे यात्रियों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।

पूर्वोत्तर रेलवे के अनुसार, 04295 अयोध्या धाम-जनकपुर धाम उद्घाटन विशेष ट्रेन 23 नवंबर (सोमवार) को अयोध्या धाम जंक्शन से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी। यह मनकापुर, बस्ती होते हुए शाम 5:40 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इसके बाद नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिशो, मधुबनी और जयनगर होते हुए अगले दिन सुबह 10 बजे नेपाल के जनकपुर धाम पहुंचेगी।

वहीं वापसी में 04296 जनकपुर धाम-अयोध्या धाम उद्घाटन विशेष ट्रेन 24 नवंबर (मंगलवार) को नेपाल के जनकपुर धाम से दोपहर 1 बजे प्रस्थान करेगी। यह जयनगर, मधुबनी, शिशो, सीतामढ़ी, रक्सौल और नरकटियागंज होते हुए अगले दिन सुबह 4:05 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। यहां से बस्ती और मनकापुर होते हुए सुबह 8:10 बजे अयोध्या धाम जंक्शन पहुंचेगी।

17 कोचों से सुसज्जित होगी ट्रेन

रेलवे के मुताबिक, इस ट्रेन में कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। इनमें शयनयान श्रेणी के सात, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के तीन, वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी के तीन, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के दो तथा एक जनरेटर सह लगेज यान और एक एलएसएलआरडी कोच शामिल होगा।

इस रेल सेवा के शुरू होने से अयोध्या धाम और जनकपुर धाम जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा। साथ ही भारत और नेपाल के यात्रियों, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। इसे दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक विरासत और मैत्रीपूर्ण संबंधों को प्रगाढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।