सांसद, चेयरमैन, यूनिट हेड आदि ने बटन दबाकर एवं डोंगे में गन्ना डालकर किया आईपीएल चीनी मिल खड्डा के पेराई सत्र का शुभारम्भ, 29 नवंबर से शुरू होगी पेराई
Daktimes News खड्डा, कुशीनगर। आईपीएल चीनी मिल खड्डा के पेराई सत्र 2026-27 का शुभारम्भ बुधवार को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन के साथ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुशीनगर सांसद विजय कुमार दूबे ने बटन दबाकर एवं डोंगे में गन्ना डालकर चीनी मिल के नए पेराई सत्र का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने पेराई सत्र के सफल एवं सुचारु संचालन की कामना की। चीनी मिल में गन्ने की नियमित पेराई 29 नवंबर 2026 से शुरू होगी।
इस अवसर पर चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक विकास कुमार चौधरी एवं केन हेड सुधीर कुमार सहित उपजिलाधिकारी खड्डा, क्षेत्राधिकारी खड्डा, चेयरमैन सुप्रियमय मालवीय, चेयरमैन दुर्गेश्वर वर्मा, वाइस चेयरमैन विजय अग्रवाल, अमेन्द्र गुप्ता, आलोक तिवारी, अनुराग तिवारी, विनय सिंह, रामसहाय दूबे, प्रद्युम्न तिवारी, संतोष तिवारी, दयानिधि मणि, अमृतांशु, धर्मेंद्र एवं डॉ. सी.पी. सिंह सहित सैकड़ों किसानों ने सहभागिता की।
मिल के प्रधान प्रबंधक विकास कुमार चौधरी एवं केन हेड सुधीर कुमार ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों के सहयोग से पेराई सत्र का शुभ मुहूर्त संपन्न हो चुका है। मिल प्रबंधन द्वारा 29 नवंबर से गन्ने की पेराई शुरू करने की पूरी तैयारी की गई है। उन्होंने सभी किसानों से अपील की कि गन्ना समितियों द्वारा जारी पर्चियों के अनुसार निर्धारित तिथि पर ही अपना गन्ना मिल में आपूर्ति करें, जिससे चीनी मिल का संचालन नियमित एवं निर्बाध रूप से जारी रह सके।
कार्यक्रम में मिल के तकनीकी हेड विजय मिश्रा, प्रोडक्शन हेड रणवीर सिंह, लेखा हेड दिग्विजय सिंह, गन्ना अधिकारी मुन्ना सिंह, उप प्रबंधक गन्ना शेरबहादुर तेवतिया एवं सहायक प्रबंधक गन्ना संदीप चौधरी समेत मिल के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अंत में मिल प्रबंधन ने सभी अतिथियों, किसान भाइयों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नए पेराई सत्र को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।