गोरखपुर में मासूम की हत्या पर कप्तानगंज अधिवक्ताओं में आक्रोश, सौंपा ज्ञापन, दोषी को फांसी, पीड़ित परिवार को एक करोड़ मुआवजा व सरकारी नौकरी की मांग

डाक टाइम्स न्यूज कप्तानगंज। गोरखपुर में मासूम बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या की घटना के विरोध में कप्तानगंज तहसील के अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम चार सूत्रीय ज्ञापन तहसीलदार चंदन शर्मा को सौंपा। अधिवक्ताओं ने घटना को हृदयविदारक और अमानवीय बताते हुए आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर त्वरित न्यायिक प्रक्रिया के तहत कठोरतम दंड देने की मांग की। ज्ञापन में पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध निलंबन एवं कठोर विभागीय कार्रवाई की मांग की गई। अधिवक्ताओं ने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सरकार को प्रभावी कदम उठाने होंगे, तभी आमजन का कानून-व्यवस्था और न्याय व्यवस्था पर विश्वास कायम रहेगा।

ज्ञापन सौंपने वालों में अध्यक्ष हीरा पाण्डेय, महामंत्री उमेश कुमार दूबे, पूर्व अध्यक्ष विनोद कुमार मिश्रा, देवेन्द्र नाथ श्रीवास्तव, प्रभंस कुमार, शैलेश प्रताप सिंह, राजनन्दन लाल, राम प्रताप सिंह श्रीवास्तव, उदयभान पटेल, राजन पाण्डेय, सतीश चंद्र गोंड, लालमन सिंह, सुग्रीव सिंह, गोविंद कुमार, हरिनंदन उपाध्याय, मनोज कुमार राय सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।