3 अमृत भारत एक्सप्रेस और 4 पैसेंजर ट्रेन सहित बिहार के लिए 7 नई ट्रेन, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हरी झंडी दिखाई

डाक टाइम्स न्यूज। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिनाँक 29 सितम्बर 2025 दिन सोमवार को बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ मिलकर बिहार में कुल सात नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। जिनमें तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं। ये नई ट्रेनें बिहार में कनेक्टिविटी को एक नया आयाम प्रदान करेंगी और यात्रियों को बेहतर यात्रा सेवाएं प्रदान करेंगी। इन नई ट्रेनों के उद्घाटन के साथ, अब देश भर में चलने वाली 30 अमृत भारत एक्सप्रेस सेवाओं में से बिहार में कुल 26 अमृत भारत एक्सप्रेस सेवाएं चालू हो गई हैं।
मुजफ्फरपुर-चर्लपल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस मुजफ्फरपुर से दक्षिण भारत के लिए पहली अमृत भारत ट्रेन है, जबकि छपरा-आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस बिहार से दिल्ली के लिए छठी अमृत भारत ट्रेन बन गई है। ये अत्याधुनिक स्वदेशी ट्रेन यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव प्रदान करेंगी। ये ट्रेनें देश के विभिन्न हिस्सों, खासकर उत्तर और दक्षिण भारत से बिहार की कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगी। इनके परिचालन से राज्य में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और पर्यटन, व्यापार एवं रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कहा कि बिहार में विकास की गति ऐसी है कि निकट भविष्य में यह राज्य एक स्वर्णिम राज्य के रूप में उभरेगा। ये ट्रेनें बिहार में कनेक्टिविटी का एक नया स्तर प्रदान करेंगी, यात्रियों के लिए सुविधा बढ़ाएंगी और राज्य के समग्र विकास को गति देंगी। श्री वैष्‍णव ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री श्री मोदी के पदभार ग्रहण करने के बाद से, उन्होंने राज्यों पर विशेष ध्यान देते हुए रेलवे को प्राथमिकता दी है। उन्‍होंने कहा कि 2014 से पहले बिहार का वार्षिक रेल बजट केवल लगभग 1,000 करोड़ रुपये था, जबकि आज यह लगभग 10,000 करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण दृष्टिकोण प्रस्तुत किया है, जिसके तहत बिहार में लगभग एक लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं चल रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य का रेलवे नेटवर्क पूरी तरह से विद्युतीकृत हो चुका है और 1,899 किलोमीटर नई पटरियां बिछाई गई हैं। भारतीय रेल द्वारा विकसित, अमृत भारत एक्सप्रेस देश की रेल व्यवस्था में आधुनिकीकरण का प्रतीक बन गई है। यह ट्रेन यात्रा का न केवल एक तेज और किफायती विकल्प है, बल्कि इसमें सेमी-ऑटोमैटिक कपलर, अग्नि सूचक प्रणाली, सीलबंद गैंगवे और टॉक-बैक यूनिट जैसी उन्नत सुविधाएं भी हैं। पहली बार, गैर-वातानुकूलित डिब्बों में यात्रियों की सुरक्षा को बढ़ाने के लिए ऐसी उन्नत तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। यह “विकसित बिहार से विकसित भारत” के विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे उदय बोरवणकर ने छपरा-आनन्द विहार टर्मिनल अमृत भारत एक्सप्रेस के शुभारम्भ के अवसर पर अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह अमृत भारत एक्सप्रेस एक प्रीमियम एवं किफायती ट्रेन है। इस ट्रेन के संचलन से छपरा वासियों को सीवान, थावे, कप्तानगंज, गोरखपुर, खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बाराबंकी, बादशाहनगर, ऐशबाग, कानपुर सेंट्रल, इटावा होते हुये आनन्द विहार (दिल्ली)जाने के लिए एक किफायती, तीव्रगामी एवं आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध हो जायेगी। उन्होंने कहा कि देश मे अमृत भारत एक्सप्रेस का संचलन आरम्भ होने पश्चात से ही इसे छपरा से दिल्ली हेतु चलाये जाने की मांग होने लगी थी, जिसे रेल मंत्री ने स्वीकृति प्रदान किया और आज स्वदेशी तकनीक की आधुनिक, आरामदायक, कवच से युक्त संरक्षित एवं किफायती ट्रेन का शुभारम्भ किया जा रहा है। इस ट्रेन के संचलन से क्षेत्रीय जनता की मांग पूरी हुई तथा क्षेत्र के लोगों विशेषकर मध्यम वर्ग एवं विद्यार्थियों को दिल्ली जाने हेतु एक किफायती यात्रा सुविधा उपलब्ध हो जायेगी । समारोह का संचालन एवं सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापन मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने किया। 05133 छपरा-आनन्द विहार टर्मिनल उद्घाटन विशेष गाड़ी के यात्रा मार्ग में सीवान जं. स्टेशन पर सांसद श्रीमती विजय लक्ष्मी देवी, थावे जं. स्टेशन पर सांसद आलोक कुमार सुमन, विधायक कुसुम देवी, कप्तानगंज जं. स्टेशन पर सांसद विजय कुमार दूबे, विधायक विनय प्रकाश गौंड तथा गोरखपुर जं. रेलवे स्टेशन पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने इस अत्याधुनिक, आरामदेह, संरक्षित तथा किफायती अमृत भारत एक्सप्रेस का स्वागत किया तथा इस ट्रेन के संचलन हेतु माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया, और इसे उनके दूरदर्शी सोच का परिणाम एवं विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ाया गया कदम बताया। इस लोकप्रिय गाड़ी के संचलन हेतु रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित किया। इसके अतिरिक्त अन्य ठहराव वाले स्टेशनों पर भी इस नव अमृत भारत एक्सप्रेस का जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय जनता द्वारा जोरदार स्वागत किया गया।