कुशीनगर में दो दिन भारी बारिश के आसार, ऑरेंज अलर्ट के बीच प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

डाक टाइम्स न्यूज, कुशीनगर। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद कुशीनगर को ऑरेंज अलर्ट में रखा गया है। आगामी दो दिनों में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में मध्यम से तेज गति की बारिश होने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजन की सुरक्षा के लिए एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने आकाशीय बिजली और तेज बारिश के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। आकाशीय बिजली गिरने की सूचना मिलने पर कच्चे एवं जर्जर भवनों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने तथा आवश्यकता पड़ने पर पंचायत भवन आदि में शरण लेने की सलाह दी गई है। एडवाइजरी में कहा गया है कि बादलों के गरजने और बिजली चमकने के दौरान लोग घरों से बाहर न निकलें। यदि रास्ते में अचानक बादल गरजने और चमकने की स्थिति उत्पन्न हो जाए तो राहगीर तत्काल किसी सुरक्षित स्थान पर रुकें। बारिश के दौरान पेड़ों के नीचे आश्रय लेने से भी बचने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से विद्युत पोल, खुले तार एवं अन्य विद्युत उपकरणों से दूरी बनाए रखने तथा टीवी और रेडियो के माध्यम से मौसम संबंधी जानकारी लेते रहने को कहा है। आकाशीय बिजली से बचाव के लिए दामिनी एप का प्रयोग करने की अपील की गई है। प्रशासन के अनुसार एप के माध्यम से आकाशीय बिजली गिरने की जानकारी पहले से प्राप्त की जा सकती है। इसके अलावा कच्चे घरों के आसपास पानी जमा न होने देने और मकानों के निचले हिस्सों में जलभराव होने पर तत्काल जल निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। बारिश के दौरान पशुओं को भी सुरक्षित स्थान पर रखने तथा उन्हें खुले में न जाने देने की अपील की गई है। अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) कुशीनगर की ओर से जारी इस एडवाइजरी में जनपदवासियों से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।