Daktimes News खड्डा: एक बार फिर आर.पी.आई.सी. कॉन्वेंट स्कूल, खड्डा ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जिलास्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर प्रथम स्थान हासिल किया। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित ‘विज्ञान जागरूकता’ कार्यक्रम के अंतर्गत हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यालय के छात्र-छात्राओं का दबदबा देखने को मिला। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी मेधा, वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अधिकांश श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त कर न सिर्फ विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया। विद्यालय का यह लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन यह साबित करता है कि आरपीआईसी कॉन्वेंट स्कूल हर बार अपनी प्रतिभा का परचम बुलंद कर रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला विद्यालय निरीक्षक श्रवण कुमार गुप्ता एवं जिला समन्वयक विष्णु प्रभाकर पाण्डेय उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने विद्यार्थियों की वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिताओं के प्रमुख परिणाम:
विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में कुशल रौनियार, शिवम गुप्ता और दिव्यांश दुबे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। संकल्प पांडे द्वितीय तथा आयुष रौनियार और आयांश कुमार संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। पोस्टर प्रतियोगिता में प्रियांशु गुप्ता प्रथम, शशांक कुशवाहा द्वितीय और रोशनी साहनी तृतीय स्थान पर रहीं। निबंध प्रतियोगिता में ईशानी शर्मा ने प्रथम, प्रखर जायसवाल ने द्वितीय और अयांश कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विज्ञान प्रश्नोत्तरी में संगीत सरिता द्वितीय व अयांश कुमार तृतीय स्थान पर रहे, जबकि गणित प्रश्नोत्तरी में सरिता ने प्रथम और दीपांशी सिंह ने द्वितीय स्थान हासिल किया। महान गणितज्ञ श्री रामानुजन पर आधारित व्याख्यान प्रतियोगिता में आलोक कुशवाहा प्रथम स्थान पर रहे।
अंधविश्वास के विरुद्ध जागरूकता:
अंधविश्वास के विरुद्ध नुक्कड़ नाटक’ प्रतियोगिता में संकल्प पांडे और उनकी टीम (विभु देव दुबे, लक्ष्मी कुमारी, अंशिका रौनियार, रोशनी साहनी, प्रियांशु गुप्ता, उत्कर्ष कुमार सिंह, विपिन शर्मा, अभय कुमार और सुधीर गुप्ता) ने प्रभावशाली प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के दौरान सहायक अध्यापक राहुल जायसवाल, इजहार अंसारी और प्रियंका श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यार्थियों की इस अभूतपूर्व सफलता से विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकगण अत्यंत उत्साहित हैं। प्रबंधन ने सभी विजेता छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।





