नन्हे कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, तालियों से गूंज उठा पूरा परिसर

19

डाक टाइम्स न्यूज कप्तानगंज: विकासखंड के बौलियां स्थित लिटिल वंडर्स पब्लिक स्कूल में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने ऐसा समां बांधा कि पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। नन्हे-मुन्ने कलाकारों ने अपने हुनर और आत्मविश्वास से उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रबंधक मैना देवी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुतियों की श्रृंखला पेश कर माहौल को उत्साह, उमंग और आनंद से सराबोर कर दिया। बच्चों के नृत्य, गीत और अभिनय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।कार्यक्रम में छात्रा निशा, प्रियंका, पूनम, प्रीति, सरिता और शिवांगी ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। वहीं मीरा, सुनीता, किरण और मालती सहित अन्य छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने कार्यक्रम को भव्य शुरुआत दी, जिसने सभी को भाव-विभोर कर दिया। विद्यालय के डायरेक्टर अनूप सिंह ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने शिक्षकों के समर्पण और मेहनत की भी प्रशंसा की। प्रधानाचार्य पी.के. श्रीवास्तव ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और मंच कौशल को विकसित करती हैं।कार्यक्रम के अंत में रविंद्र सिंह ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान गौतम सिंह, अरुण गुप्ता, अमरनाथ सिंह, अभिषेक वर्मा, कमल किशोर मिश्रा, संतोष यादव, लाल बहादुर सिंह, श्याम सिंह, सूरज सिंह, सर्वेश सिंह, सुशील दुबे सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।