“सत्य-अहिंसा के संदेश से गूंजा सरस्वती देवी महाविद्यालय, गांधी विचार दर्शन प्रदर्शनी में दिखी स्वतंत्रता संग्राम की झलक”

  • गांधी विचारों से सजी प्रदर्शनी, विद्यार्थियों ने दिखाई दांडी यात्रा से भारत छोड़ो आंदोलन तक की झलक

खड्डा बाजार, कुशीनगर। राष्ट्रपर्व गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर सरस्वती देवी महाविद्यालय, खड्डा बाजार में ‘गांधी विचार दर्शन’ विषयक प्रदर्शनी एवं ‘गांधी दिग्दर्शन’ विषयक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी के जीवन, विचारों और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। प्रदर्शनी का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दीपक कुमार मिश्र ने किया। वहीं संगोष्ठी का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन आशुतोष तिवारी ने किया, जबकि विषय प्रवर्तन डॉ. संतोष मिश्र ने किया।   इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. दीपक कुमार मिश्र ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वावलम्बन एवं चरित्र निर्माण संबंधी विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गांधी जी के विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से गांधी जी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी के तीन बंदर, दांडी यात्रा, चरखा तथा ‘अंग्रेजों भारत छोड़ो’ आंदोलन सहित स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रसंगों को मॉडल एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया। विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों ने गांधी जी के विचारों और स्वतंत्रता आंदोलन के महत्वपूर्ण पड़ावों को जीवंत रूप में सामने रखा। कार्यक्रम में अजीत मद्धेशिया, अभिषेक श्रीवास्तव, बबिता जायसवाल, शिवम पाण्डेय, सुनील मिश्र, संतोषी सिंह सहित महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।