डाक टाइम्स न्यूज, खड्डा। कुशीनगर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं सहायता का सिलसिला जारी है। बुधवार को खड्डा विधानसभा क्षेत्र के सालिकपुर एवं महदेवा गांवों में खड्डा विधायक विवेकानन्द पाण्डेय पहुंचे और बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान विधायक ने प्रभावित परिवारों के बीच बाढ़ राहत किट वितरित कीं।
राहत सामग्री प्राप्त होने पर ग्रामीणों ने राहत महसूस करते हुए विधायक एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। विधायक ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। विधायक विवेकानन्द पाण्डेय ने कहा कि बाढ़ की इस कठिन घड़ी में प्रभावित परिवारों के बीच रहकर उनकी पीड़ा को समझना और उनके साथ खड़ा होना उनका दायित्व है। उन्होंने कहा कि बाढ़ से कई परिवारों के सामने मुश्किलें उत्पन्न हुई हैं, लेकिन शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयास से इस संकट का सामना किया जाएगा।उन्होंने कहा कि खड्डा विधानसभा क्षेत्र के जिन गांवों में बाढ़ से जनजीवन प्रभावित हुआ है, वहां शासन एवं प्रशासन के सहयोग से यथाशीघ्र राहत सामग्री पहुंचाकर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। जरूरतमंद परिवारों तक मदद पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। इस अवसर पर छितौनी चेयरमैन अशोक निषाद, खड्डा चेयरमैन प्रतिनिधि दुर्गेश्वर वर्मा, एसडीएम खड्डा, तहसीलदार खड्डा सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों की स्थिति का जायजा लेते हुए पीड़ित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
Post Views: 5






