नारायणी की कटान और बाढ़ से प्रभावित गांवों में पहुंची कांग्रेस, किसानों के नुकसान का लिया जायजा, अधिकारियों से त्वरित राहत कार्रवाई की मांग

Daktimes News खड्डा, कुशीनगर। नारायणी नदी की कटान और बाढ़ से प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति जानने के लिए 29 सितंबर 2026 को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खड्डा के पदाधिकारियों ने छितौनी तटबंध से जुड़े बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया। कांग्रेस पदाधिकारियों ने सलीपुर महदेवा, छितौनी, नरकहवा, भैंसहा तथा वीरवार ठोकर क्षेत्र में पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।  

दौरे के दौरान ग्रामीणों ने बाढ़ एवं जलजमाव के कारण किसानों की फसलों को हुए नुकसान, घरों में पानी भरने तथा अन्य परेशानियों से कांग्रेस पदाधिकारियों को अवगत कराया। पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में कांग्रेस उनके साथ खड़ी है और प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन के समक्ष मांग उठाई जाएगी।

कांग्रेस पदाधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों से बाढ़ एवं कटान प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित किसानों की फसलों का सर्वे कराने, नुकसान का आकलन कराकर उचित सहायता उपलब्ध कराने तथा जलजमाव और बाढ़ से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत दिलाने की मांग की। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।

इस दौरान धनंजय सिंह पहलवान, पूर्व प्रत्याशी विधानसभा खड्डा-329, अनिरुद्ध गुप्ता, अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खड्डा, बाबूलाल कनौजिया, पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी, वाजिद अली शाह, जिला महासचिव, राकेश यादव तथा केशव गुप्ता, ब्लॉक उपाध्यक्ष सहित अन्य लोग मौजूद रहे।