जेपी फार्मेसी कॉलेज में विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
Daktimes News कप्तानगंज, कुशीनगर। विश्व फार्मासिस्ट दिवस 2026 के अवसर पर कप्तानगंज स्थित जेपी फार्मेसी कॉलेज में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, पोस्टर मेकिंग, स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े मॉडल तथा लघु नाटिका के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुशीनगर के औषधि निरीक्षक (ड्रग इंस्पेक्टर) नवीन सिंह रहे। उनके साथ मथौली सीएचसी प्रभारी डॉ. राजेश मद्धेशिया, डॉ. धनंजय गोविंद राव एवं ज्ञान वर्धन गोविंद राव सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, आकर्षक पोस्टर, स्वास्थ्य जागरूकता से संबंधित मॉडल एवं लघु नाटिका ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और प्रस्तुति की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि नवीन सिंह ने कहा कि फार्मासिस्ट चिकित्सा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट चिकित्सक और मरीज के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं तथा दवाओं के सुरक्षित एवं उचित उपयोग में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने सामाजिक एवं चिकित्सीय दायित्वों को समझते हुए सेवा भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संस्था के चेयरमैन श्रीराम प्रसाद सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह के अंत में अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर विश्वंभर प्रसाद, डॉ. चंदन कुमार गोंड, डॉ. आसिफ अंसारी, रोहित कुशवाहा, अभिषेक कुमार, निकहत परवीन, रामदरश शर्मा, प्रेम नारायण पाण्डेय, मेहताब आलम, सगीर अहमद सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।