जनहित के ज्वलन्त मुद्दे फाइलों में कैद, जनसमस्याओं पर फिर गरजी कांग्रेस, सातों ज्ञापनों की याद दिलाकर सौंपा पत्र
डाक टाइम्स न्यूज खड्डा, कुशीनगर। जनहित से जुड़े विभिन्न ज्वलन्त मुद्दों को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खड्डा द्वारा समय-समय पर प्रशासनिक एवं विभागीय/समक्ष अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर लगातार समस्याओं से अवगत कराया जाता रहा है। कांग्रेस ने पत्र के माध्यम से बताया कि दिनांक 5 अगस्त 2025 से 2 सितंबर 2026 तक खड्डा विधानसभा एवं नगर क्षेत्र से संबंधित सात अलग-अलग ज्ञापन उपजिलाधिकारी खड्डा के माध्यम से जिलाधिकारी कुशीनगर सहित प्रभारी चिकित्सा अधिकारी सीएससी खड्डा, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत खड्डा, खण्ड विकास अधिकारी विकास खण्ड खड्डा सभी अधिकारी गणको को प्रेषित किए गए, लेकिन अब तक किसी भी मामले में अपेक्षित जांच और समाधान की कार्रवाई नहीं हुई।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, इन सातों ज्ञापनों में उठाए गए मामलों में न तो जांच टीम गठित की गई, न ही स्थलीय/भौतिक सत्यापन कराया गया और न ही समस्याओं के समाधान की ठोस कार्रवाई सामने आई। पार्टी का कहना है कि लंबे समय से जनहित के मुद्दे प्रशासन के संज्ञान में होने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होना गंभीर विषय है। इसी क्रम में दिनांक 21 सितंबर 2026 को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खड्डा के अध्यक्ष अनिरुद्ध गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेसी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पूर्व में दिए गए सभी सातों ज्ञापनों की प्रतियां पुनः उपजिलाधिकारी, तहसील खड्डा को सौंपकर संबंधित मामलों में तत्काल जांच, आवश्यक कार्रवाई एवं समस्याओं के अविलंब समाधान की मांग की गई है। कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया कि यदि जनहित से जुड़े इन मामलों पर 15 दिन के अंदर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो आगामी दिनों में व्यापक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की होगी।
इस दौरान दिए गए ज्ञापन पर उपजिलाधिकारी खड्डा ने कहा कि हम टीम गठित कर आवश्यक कार्रवाई करने की प्रक्रिया शुरू कर रहे हैं। कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि सभी सातों ज्ञापनों में उल्लिखित मामलों की निष्पक्ष जांच, आवश्यक होने पर स्थलीय सत्यापन तथा समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से राहत मिल सके। इस दौरान ब्लॉक उपाध्यक्ष केशव गुप्ता, इस्लाम, छट्टू भारती, सुरेंद्र चौधरी, वाजिद अली सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।