सघन टिकट जांच में 38 यात्री पकड़े गए, ₹19,990 राजस्व की वसूली

छपरा कचहरी–सीवान रेलखंड से लेकर सीवान स्टेशन तक चला विशेष अभियान, बिना टिकट यात्रा करने वालों पर कसा शिकंजा

Daktimes News वाराणसी, 31 अगस्त 2026। यात्रियों को वैध टिकट के साथ यात्रा करने के प्रति जागरूक करने और बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में लगातार सघन टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को छपरा कचहरी–मखरख रेलखंड, महाराजगंज–सीवान रेलखंड तथा सीवान स्टेशन पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न मेल/एक्सप्रेस एवं सवारी गाड़ियों में यात्रियों के टिकटों की गहन जांच की गई। इस दौरान गाड़ी संख्या 55105 छपरा कचहरी–सीवान सवारी गाड़ी तथा 15708 अमृतसर–कटिहार आम्रपाली एक्सप्रेस समेत विभिन्न ट्रेनों में टिकट जांच की गई। मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन के निर्देश पर  टिकट जांच अभियान का नेतृत्व मुख्य वाणिज्य निरीक्षक श्री प्रणव प्रभाकर ने किया। अभियान में मुख्य टिकट निरीक्षक श्री सईद अख्तर, आईसीपी छपरा के पांच टिकट निरीक्षक तथा रेलवे सुरक्षा बल के दो जवान शामिल रहे। जांच के दौरान बिना टिकट एवं अनियमित रूप से यात्रा करते कुल 38 यात्रियों को पकड़ा गया। रेलवे नियमों के तहत इन यात्रियों से कुल ₹19,990 (उन्नीस हजार नौ सौ नब्बे रुपये) का रेल राजस्व वसूल किया गया। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा के खिलाफ इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। इसका उद्देश्य न केवल रेलवे राजस्व की सुरक्षा करना है, बल्कि यात्रियों को नियमों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित एवं व्यवस्थित रेल यात्रा सुनिश्चित करना भी है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा वैध यात्रा टिकट लेकर ही रेल यात्रा करें और रेलवे के नियमों का पालन करें। साथ ही उन्होंने यात्रियों से ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने का भी आह्वान किया। उक्त जानकारी मुख्य प्रचार निरीक्षक हिमांशु राव द्वारा दी गई।























Oplus_131072