नारायणी का कहर, किसानों की चिंता; कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने लिया बाढ़-कटान प्रभावित क्षेत्रों का जायजा, उच्चाधिकारियों से की तत्काल हस्तक्षेप की मांग

नारायणी के कटान और बाढ़ से सुरक्षा को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उठाई आवाज, उच्चाधिकारियों से की तत्काल हस्तक्षेप की मांग

Daktimes News खड्डा, कुशीनगर। नारायणी नदी के बढ़ते जलस्तर और तेज धारा से संभावित कटान को लेकर कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को नदी के संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। प्रतिनिधिमंडल ने नारायणी नदी के ठोकर नंबर तीन और वीरभार ठोकर समेत बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेते हुए ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने बाढ़ खंड खड्डा कार्यालय द्वारा क्षेत्र में कराए जा रहे विकास एवं बचाव कार्यों का भी निरीक्षण किया। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से बातचीत कर स्पर और बँधा ठोकर और आसपास के क्षेत्रों को बाढ़ एवं कटान से सुरक्षित रखने के लिए प्रभावी एवं समयबद्ध उपाय किए जाने की मांग की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने किसानों की फसल और कृषि भूमि को हुए नुकसान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि कटान और बाढ़ से प्रभावित किसानों को वास्तविक नुकसान का आकलन कर उचित सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए। इसके लिए उन्होंने जांच टीम गठित कर नुकसान का स्थलीय सत्यापन कराने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि नारायणी नदी के कटान और बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखते हुए संवेदनशील स्थानों पर बचाव कार्य तेज किए जाएं, ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा के साथ किसानों की फसल और कृषि भूमि को होने वाले नुकसान को भी कम किया जा सके।

प्रतिनिधिमंडल में धनंजय सिंह पहलवान पूर्व विधानसभा प्रत्याशी , आफताब आलम जिला उपाध्यक्ष , अनिरुद्ध गुप्ता ब्लॉक अध्यक्ष , वाजिद अली पूर्व पीसीसी सदस्य, जिला सचिव कमलेश राणा, ब्लॉक उपाध्यक्ष नेबुआ, नूर आलम, वीरेंद्र गुप्ता, शहबाज अंसारी, छोटू भारती तथा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।






















Oplus_131072