






Daktimes News कप्तानगंज/कुशीनगर। ग्राम घोघरा, ब्लॉक कप्तानगंज निवासी डॉ. मंतोष शर्मा ने दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (DDU) के राजनीति विज्ञान विभाग से डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (Ph.D.) की उपाधि हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गुरुजनों, मित्रों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। डॉ. मंतोष शर्मा ने अपनी सफलता को महज एक शैक्षणिक डिग्री नहीं, बल्कि वर्षों के संघर्ष, धैर्य, निरंतर मेहनत, निष्ठा और शोध के प्रति समर्पण का परिणाम बताया। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय विश्वविद्यालय के कुलपति, अपने शोध निर्देशक, विभागीय शिक्षकों और गुरुजनों के मार्गदर्शन के साथ-साथ माता-पिता, परिवार और मित्रों के सहयोग को दिया। 
“शिक्षा सिर्फ डिग्री नहीं, समाज बदलने की ताकत है”
पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने के बाद डॉ. मंतोष शर्मा ने कहा कि शिक्षा किसी व्यक्ति के जीवन को बदलने के साथ-साथ पूरे समाज को नई दिशा देने की सबसे प्रभावशाली शक्ति है। उनका उद्देश्य अपनी अकादमिक शिक्षा और शोध को केवल व्यक्तिगत उपलब्धि तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उसे समाज के व्यापक हित में उपयोग करना है।उन्होंने कहा कि वे अपने ज्ञान और शोध के माध्यम से युवाओं में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, सामाजिक सोच को मजबूत करने और नई पीढ़ी को वैज्ञानिक एवं तार्किक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का प्रयास करेंगे। उनका मानना है कि शिक्षित और जागरूक युवा ही समाज में सकारात्मक बदलाव की मजबूत नींव रख सकते हैं।








