डाक टाइम्स न्यूज कप्तानगंज, कुशीनगर। नगर के वरिष्ठ पत्रकार, शिक्षक, साहित्यकार एवं कवि इन्द्रजीत ‘इंद्र’ का रविवार सुबह लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन की खबर से साहित्य जगत में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ताओं और उनके शुभचिंतकों में भी गहरा शोक व्याप्त है। निधन की सूचना मिलते ही उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इन्द्रजीत ‘इंद्र’ बहुमुखी प्रतिभा के धनी व्यक्तित्व थे। पत्रकारिता और शिक्षण के साथ-साथ साहित्य एवं सामाजिक गतिविधियों में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही। वह बजरंग दल के प्रांत संयोजक, अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के प्रांत कार्याध्यक्ष तथा नगर की साहित्यिक संस्था प्रभात साहित्य सेवा समिति के अध्यक्ष रहे। इसके अलावा वह कुश्ती और कबड्डी के पूर्व प्रदेश स्तरीय खिलाड़ी तथा योगाचार्य के रूप में भी अपनी पहचान रखते थे। उनके निधन की खबर सुनकर कुशीनगर सांसद विजय कुमार दुबे अपने कार्यकर्ताओं के साथ उनके आवास पर पहुंचे और दिवंगत इन्द्रजीत ‘इंद्र’ के अंतिम दर्शन कर शोक-संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने उनके निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया। इन्द्रजीत ‘इंद्र’ के निधन से साहित्य, पत्रकारिता, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि उन्होंने अपने बहुआयामी व्यक्तित्व और सामाजिक सरोकारों के माध्यम से नगर में अलग पहचान बनाई थी। उनके निधन से साहित्यिक एवं सामाजिक क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण आवाज खामोश हो गई। इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन विजय खेतान, हरेराम गुप्ता, आनंद मिश्रा, दिनेश यादव, बेचू बीए, फरेन्द्र पांडेय, विनोद गुप्ता, भोला साहनी, रंजू वर्मा, नर्मदा सिंह, डॉ. इम्तियाज समर, कन्हैया लाल, करुण अर्शी बस्तवी, सुनील कुमार, नूरुद्दीन नूर, संतोष चौधरी, गोलू मिश्रा, शालू जायसवाल, रामानंद तिवारी, विजय कन्नौजिया सहित नगर के बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं शुभचिंतक मौजूद रहे।