विज्ञापन


डाक टाइम्स न्यूज खड्डा। कुशीनगर जनपद के विकास खंड खड्डा के ग्रामसभा मठिया में स्थित आर.पी.आई.सी. कॉन्वेंट स्कूल में प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। समारोह में सीबीएसई बोर्ड परीक्षा समेत विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों का उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कुशीनगर सांसद विजय कुमार दुबे तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में खड्डा विधायक विवेकानंद पांडेय मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यालय के प्रबंधक इंजीनियर नीरज तिवारी ने मुख्य अतिथि सांसद विजय कुमार दुबे का माल्यार्पण कर भावपूर्ण स्वागत किया, जबकि सह-प्रबंधक धीरज तिवारी ने विशिष्ट अतिथि विधायक विवेकानंद पांडेय का स्वागत किया।

समारोह को संबोधित करते हुए सांसद विजय कुमार दुबे ने कहा कि विद्यार्थी देश के भविष्य की नींव हैं। कठिन परिश्रम, अनुशासन और उचित मार्गदर्शन के बल पर जीवन में कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया। वहीं विधायक विवेकानंद पांडेय ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और निरंतर परिश्रम को जीवन का आधार बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सफलता किसी एक दिन की मेहनत का परिणाम नहीं, बल्कि निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास से हासिल होने वाली उपलब्धि है।

सीबीएसई मेधावियों का हुआ सम्मान
समारोह का मुख्य आकर्षण सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय के साथ-साथ खड्डा क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान रहा। अतिथियों ने गुलसन यादव, आरिफ अंसारी, आदर्श वर्मा, मधु कुशवाहा, स्पंदिका सिंह, शिवानी, दिव्यांश कुशवाहा, अयांश कुमार, अंकिता कुमारी, प्रखर जायसवाल, आरोही कुशवाहा, विभु देव, मिहिर, अवनी गुप्ता, सौर्य चित्रांश, पलक जायसवाल और उत्कर्ष यादव सहित अन्य मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया।

विद्यालय में 98.79 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल करने वाले टॉपर आलोक कुशवाहा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनकी शानदार उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








