डाक टाइम्स न्यूज वाराणसी, 07 जून 2026। यात्री सुविधाओं के उन्नयन तथा रेल परिचालन को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने की दिशा में पूर्वोत्तर रेलवे एक और महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रहा है। गोरखपुर कैंट-वाल्मीकिनगर दोहरीकरण परियोजना के अंतर्गत उनौला-पिपराईच स्टेशनों के बीच 7.383 किलोमीटर लंबे नवनिर्मित दोहरीकृत एवं विद्युतीकृत रेल खंड का संरक्षा निरीक्षण 08 जून 2026 को किया जाएगा। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार रेल संरक्षा आयुक्त, उत्तर पूर्व सर्किल श्री प्रणजीव सक्सेना इस नव विकसित रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा से जुड़े सभी तकनीकी और परिचालन मानकों की जांच की जाएगी। संरक्षा निरीक्षण के उपरांत रेल संरक्षा आयुक्त विशेष ट्रेन के माध्यम से पिपराईच-उनौला रेलखंड पर अधिकतम गति से स्पीड ट्रायल भी करेंगे। यह ट्रायल रेलखंड की संरचनात्मक मजबूती, सुरक्षा मानकों तथा उच्च गति पर परिचालन क्षमता का आकलन करने के लिए किया जाएगा। रेल प्रशासन ने पिपराईच-उनौला रेलखंड के आसपास रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने अनुरोध किया है कि निरीक्षण एवं स्पीड ट्रायल के दौरान कोई भी व्यक्ति रेलपथ के निकट न जाए तथा अपने पशुओं को भी रेल ट्रैक पर न आने दें, क्योंकि यह जानलेवा और खतरनाक साबित हो सकता है। पूर्वोत्तर रेलवे के जनसम्पर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि यह परियोजना क्षेत्र में रेल परिवहन को अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी
Home उत्तर प्रदेश गोरखपुर कैंट-वाल्मीकिनगर रेल परियोजना को मिलेगी रफ्तार, आज पिपराईच-उनौला दोहरीकृत रेलखंड का...





