डाक टाइम्स न्यूज वाराणसी, 07 जून 2026। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने बनारस-बलिया तथा वाराणसी सिटी-गोरखपुर-वाराणसी सिटी मार्ग पर विशेष अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इन विशेष ट्रेनों का संचालन 08 से 10 जून 2026 तक किया जाएगा, जिससे परीक्षा में शामिल होने वाले हजारों अभ्यर्थियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। रेलवे प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार 05112 बनारस-बलिया परीक्षा विशेष गाड़ी 08 एवं 09 जून को बनारस से रात 10:45 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन वाराणसी सिटी, सारनाथ, औड़िहार, नंदगंज, गाजीपुर सिटी, यूसुफपुर, करीमुद्दीनपुर तथा फेफना स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए दूसरे दिन रात 1:45 बजे बलिया पहुंचेगी। इसके अलावा 05149/05150 वाराणसी सिटी-गोरखपुर-वाराणसी सिटी परीक्षा विशेष गाड़ी 08 एवं 09 जून को वाराणसी सिटी से शाम 7:30 बजे रवाना होकर औड़िहार, मऊ जंक्शन, भटनी और देवरिया सदर होते हुए दूसरे दिन रात 2:15 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वहीं वापसी में यह ट्रेन 09 एवं 10 जून को गोरखपुर से सुबह 3:15 बजे प्रस्थान कर देवरिया सदर, भटनी, मऊ जंक्शन और औड़िहार होते हुए सुबह 9:15 बजे वाराणसी सिटी पहुंचेगी। रेलवे प्रशासन का कहना है कि भर्ती परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की संभावित भीड़ को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि परीक्षार्थियों को समय पर अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसम्पर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि परीक्षा अवधि के दौरान यात्रियों की सुविधा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है और विशेष ट्रेनों के संचालन से अभ्यर्थियों को काफी लाभ मिलेगा
Home उत्तर प्रदेश यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा: अभ्यर्थियों के लिए रेलवे द्वारा वाराणसी-बलिया और गोरखपुर...





