डाक टाइम्स न्यूज मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन की प्रेरणा से इंजीनियरिंग विभाग द्वारा कप्तानगंज रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे कॉलोनी में खाली पड़ी भूमि को विकसित कर एक आकर्षक हरित पार्क का निर्माण किया गया है। यह पहल न केवल क्षेत्र की सुंदरता बढ़ाने में सहायक बनी है, बल्कि कॉलोनीवासियों के लिए एक नया सुकूनभरा ठिकाना भी बन गई है।गोरखपुर-नरकटियागंज रेल खंड पर स्थित इस रेलवे आवासीय कॉलोनी में बनाए गए इस पार्क को इंजीनियरिंग विभाग के सहयोग से साकार किया गया।
इसके निर्माण में वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (प्रथम) शैलेन्द्र सिंह, सहायक मंडल इंजीनियर (गोरखपुर पूर्व) मनीष तिवारी तथा सीनियर सेक्शन इंजीनियर (वर्क्स, कप्तानगंज) के.एस. लाल की अहम भूमिका रही। पार्क को विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। जहां बच्चों के लिए झूले, सी-सॉ सहित विभिन्न खेल उपकरण लगाए गए हैं, वहीं कर्मचारियों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए मॉर्निंग वॉक और जॉगिंग ट्रैक की भी समुचित व्यवस्था की गई है। सजावटी पौधों और रंग-बिरंगे फूलों से सुसज्जित यह पार्क आने वाले समय में और भी आकर्षक रूप लेगा। यह न केवल पर्यावरण को शुद्ध बनाएगा, बल्कि कॉलोनीवासियों को प्रकृति के करीब रहने का अवसर भी प्रदान करेगा। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि, “यह पार्क रेलवे कर्मचारियों और उनके बच्चों के हित में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे जहां पर्यावरण को स्वच्छता मिलेगी, वहीं कर्मचारियों और उनके परिवारों के मानसिक स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कॉलोनी में रहने वाले सभी कर्मचारियों से अपील की कि वे इस पार्क की स्वच्छता और रख-रखाव का विशेष ध्यान रखें, ताकि यह सुविधा लंबे समय तक सभी को लाभान्वित करती रहे।





