मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाले शिवेंद्र कुमार गौतम का राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में चयन

182

डाक टाइम्स न्यूज खड्डा कुशीनगर। कुशीनगर जिले के विकासखंड नेबुआ नौरंगिया के ग्राम सभा देवगांव निवासी रामप्रवेश के पुत्र शिवेंद्र कुमार गौतम का राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में चयन हुआ है। अब शिवेंद्र राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में अपना दमखम दिखाएंगे। उल्लेखनीय है कि शिवेंद्र कुमार गौतम की प्राथमिक शिक्षा यूकेजी से व इंटरमीडिएट (गणित) विषय से ज्ञानोदय इंटर कॉलेज बेलवानिया कुशीनगर से संपन्न हुई है। शिवेंद्र कुमार गौतम के पिता श्री रामप्रवेश ने बताया कि शिवेंद्र की बचपन से ही खेल कूद और पढ़ाई लिखाई में रुचि रहीं है, उन्होंने प्रत्येक क्षेत्र में अपने संघर्षों के बदौलत और प्रत्येक खेल में अपनी प्रतिभा के बल पर सफ़लता हासिल की है।

ऊंची कूद खेल प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाते शिवेंद्र कुमार गौतम

शिवेंद्र कुमार गौतम की ब्लॉक व तहसील स्तरीय खेल प्रतियोगिता छितौनी स्थित जनता इंटर कॉलेज कुशीनगर में और जनपद स्तरीय खेल प्रतियोगिता बुद्ध स्टेडियम कुशीनगर कसया व मंडल स्तरीय खेल प्रतियोगिता महात्मा गांधी इंटरमीडिएट कॉलेज गोरखपुर में आयोजित खेल प्रतियोगिता ऊँची कूद में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है जिससे अब शिवेंद्र का चयन राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में हुआ है। शिवेंद्र कुमार गौतम के पिता रामप्रवेश व उनके शिक्षक गणों ने राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में चयन होने पर बधाई दी व उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।