खड्डा चीनी मिल में गन्ना हार्वेस्टर का शुभारंभ, यंत्रीकृत खेती से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर

किसान सम्मेलन में डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने किया उद्घाटन, आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने का किया आह्वान

Daktimes News खड्डा (कुशीनगर), 19 नवम्बर। गन्ना खेती को आधुनिक, लाभकारी और श्रम की दृष्टि से सुगम बनाने की दिशा में इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) ने महत्वपूर्ण पहल की है। गुरुवार को खड्डा चीनी मिल परिसर में आयोजित विशाल गन्ना किसान सम्मेलन में आधुनिक गन्ना हार्वेस्टर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) के.पी. सिंह ने किया। इस पहल को क्षेत्र में यंत्रीकृत गन्ना कटाई की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।  

कार्यक्रम में मुख्य कृषि वैज्ञानिक डॉ. यू.एस. तेवतिया, खड्डा विधायक विवेकानन्द पाण्डेय, ब्लॉक प्रमुख शशांक दुबे, डॉ. नीलेश मिश्रा, सुप्रियम मालवीय, दुर्गेश्वर वर्मा, समीर सिंह, उप गन्ना आयुक्त ए.पी. सिंह, जिला गन्ना अधिकारी हुदा सिद्दीकी तथा चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक विकास कुमार चौधरी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सम्मेलन में क्षेत्र के बड़ी संख्या में गन्ना किसानों ने भाग लिया।

इस अवसर पर आईपीएल के मुख्य कृषि वैज्ञानिक डॉ. यू.एस. तेवतिया ने आधुनिक गन्ना हार्वेस्टर की कार्यप्रणाली, तकनीकी विशेषताओं और आर्थिक लाभों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यंत्रीकृत कटाई केवल पारंपरिक श्रम का विकल्प नहीं, बल्कि गन्ना उत्पादन को अधिक उत्पादक, लाभकारी और टिकाऊ बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने खेत की उचित तैयारी, कटाई की सही ऊंचाई, गन्ने के ठूंठ को नुकसान से बचाने, पेड़ी फसल के प्रबंधन तथा फसल अवशेषों के वैज्ञानिक उपयोग पर विशेष जोर दिया।

आईपीएल प्रबंधन के अनुसार, कंपनी का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में चरणबद्ध तरीके से लगभग 50 प्रतिशत गन्ना क्षेत्र को यंत्रीकृत कटाई के दायरे में लाना है। इसके लिए किसानों को आधुनिक हार्वेस्टर तकनीक, प्रशिक्षित ऑपरेटर, मशीनों के उचित संचालन, कस्टम हायरिंग सुविधा और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। कंपनी उत्तर प्रदेश के साथ गुजरात, बिहार और ओडिशा में भी अपनी चीनी मिलों के कार्यक्षेत्र में इस तकनीक को बढ़ावा दे रही है।

चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक विकास कुमार चौधरी ने कहा कि आईपीएल का उद्देश्य किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीक पहुंचाना, वैज्ञानिक खेती को प्रोत्साहित करना और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना है। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि कंपनी क्षेत्र के विकास और किसान हितों के लिए लगातार प्रयास करती रहेगी।

कार्यक्रम के दौरान प्रधान प्रबंधक विकास कुमार चौधरी ने अतिथियों को स्मृति चिह्न, शॉल और बुके देकर सम्मानित किया। वहीं सम्मेलन में शामिल किसानों को आईपीएल की ओर से बैग, कंबल और कैप वितरित किए गए। लकी ड्रॉ के माध्यम से विजेता किसानों को दीवार घड़ी भी प्रदान की गई। कार्यक्रम का संचालन सुधीर कुमार (केन हेड) ने किया।

खड्डा चीनी मिल परिसर में गन्ना हार्वेस्टर का शुभारंभ कुशीनगर और आसपास के क्षेत्रों के किसानों के लिए आधुनिक खेती की दिशा में नई संभावनाएं खोलने वाला कदम माना जा रहा है। इससे गन्ना कटाई में मशीनीकरण को बढ़ावा मिलने के साथ खेती की लागत कम करने, उत्पादकता बढ़ाने और किसानों की आय में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।