छठ महापर्व पर सपा नेता पवन दूबे की अनूठी पहल, 51 छठ घाटों पर कराया प्रसाद वितरण

खड्डा विधानसभा में सेवा का महाअभियान चलाकर हजारों श्रद्धालुओं तक पहुंचाया छठ का प्रसाद, व्रती माताओं-बहनों का किया सम्मान

Daktimes News खड्डा (कुशीनगर)। सूर्योपासना एवं लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर खड्डा विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं जनसेवक पवन दूबे की ओर से सेवा का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया गया। उनके नेतृत्व में ‘सेवा का महाअभियान’ कार्यक्रम के अंतर्गत क्षेत्र के 51 छठ घाटों पर एक साथ प्रसाद वितरण का आयोजन कराया गया। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं, व्रती माताओं एवं बहनों के बीच श्रद्धापूर्वक प्रसाद वितरित किया गया।  

पवन दूबे द्वारा प्रत्येक वर्ष छठ महापर्व के अवसर पर खड्डा विधानसभा क्षेत्र में प्रसाद वितरण स्टॉल लगवाकर श्रद्धालुओं की सेवा की जाती है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी खड्डा, छितौनी, नेबुआ, नौरंगिया, पकड़ियार, सिंगहा, देवतहा, मड़ार बिंदवलिया, कटाई भरपूरवा, भुजौली, रामपुर बांगर, विशुनपुरा बुजुर्ग, मदनपुर सुकरौली, सोहरौना सहित क्षेत्र के दर्जनों गांवों के 51 छठ घाटों पर प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई। आयोजन की खास बात यह रही कि सभी 51 छठ घाटों पर एक साथ वीडियो स्ट्रीमिंग के माध्यम से कार्यक्रम को जोड़ा गया। प्रातःकालीन अर्घ्य के उपरांत जनसेवक पवन दूबे के स्वयंसेवकों ने छठ घाटों पर पहुंचकर व्रती माताओं एवं बहनों के पूजन के डाले में बूंदी के दोने रखकर प्रसाद अर्पित किया। वहीं, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने स्वयं प्रसाद वितरण स्टॉल पर पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।इस सेवा अभियान को लेकर क्षेत्रीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने वर्षों से चली आ रही इस सेवा परंपरा को निरंतर बनाए रखने के लिए पवन दूबे की सराहना की। श्रद्धालुओं ने इसे लोक आस्था के महापर्व पर सामाजिक एकता, समर्पण और सेवा भावना का सराहनीय प्रयास बताया। कार्यक्रम के समापन पर पवन दूबे ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, परंपरा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। इस पावन अवसर पर व्रती माताओं एवं बहनों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि अगले वर्ष इस अभियान को और व्यापक रूप दिया जाएगा, ताकि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक छठ घाट तक प्रसाद वितरण की व्यवस्था पहुंच सके और कोई भी व्रती माता-बहन इस सेवा से वंचित न रहे। अंत में उन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी सहयोगियों, स्वयंसेवकों एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।