40.44 लाख की सड़क सामान्य मरम्मत एवं नवीनीकरण हेतु स्वीकृत, निर्धारित तिथि बीती, फिर भी नहीं शुरू हुआ निर्माण कार्य; ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश

  • 👉👉 सोहनी मार्ग से कुर्मी टोला तक सड़क निर्माण के लिए 40.44 लाख रुपये स्वीकृत
  • विभाग बोला– मौसम अनुकूल होते ही शुरू होगा कार्य; ग्रामीणों ने समयबद्ध निर्माण की उठाई मांग
Daktimes News कुशीनगर। जनपद कुशीनगर की कप्तानगंज तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत भड़सर खास में सोहनी मार्ग से कुर्मी टोला तक सड़क के निर्माण एवं नवीनीकरण का मामला अब चर्चा का विषय बन गया है। वर्षों से जर्जर सड़क के कारण परेशान ग्रामीणों की शिकायत के बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने जनसुनवाई पोर्टल पर स्वीकार किया है कि उक्त सड़क सामान्य मरम्मत एवं नवीनीकरण योजना के अंतर्गत स्वीकृत है तथा मौसम अनुकूल होते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। मामले से जुड़े उपलब्ध अभिलेखों के अनुसार, इस सड़क के निर्माण के लिए ₹40,44,909.83 का अनुबंध निष्पादित किया जा चुका है। बॉन्ड स्लिप के अनुसार कार्य प्रारंभ करने की तिथि 25 मई 2026 तथा कार्य पूर्ण करने की तिथि 24 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। इसके बावजूद अभी तक निर्माण कार्य धरातल पर शुरू न होने से ग्रामीणों में नाराजगी और चिंता बनी हुई है। शिकायतकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि जब विभाग स्वयं कार्य स्वीकृत होने की पुष्टि कर चुका है और निर्माण के लिए अनुबंध भी हो चुका है, तब कार्य में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो गई है, जिससे स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों तथा आम राहगीरों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जनसुनवाई में विभाग ने अपने जवाब में मौसम को देरी का कारण बताया है। हालांकि अब ग्रामीणों की उम्मीद है कि मौसम अनुकूल होते ही बिना किसी और विलंब के निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा और गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।

जनहित का सवाल

जब सड़क निर्माण के लिए शासन स्तर से स्वीकृति मिल चुकी है, अनुबंध निष्पादित हो चुका है और विभाग स्वयं कार्य कराने की बात स्वीकार कर रहा है, तब क्षेत्रीय जनता यह जानना चाहती है कि निर्माण कार्य आखिर कब शुरू होगा। लोगों का कहना है कि केवल कागजी कार्रवाई नहीं, बल्कि सड़क पर वास्तविक कार्य दिखाई देना चाहिए, ताकि वर्षों से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

इस संबंध में सहायक अभियंता अविनाश मिश्रा से पक्ष जानने के लिए दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हो सका। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें लोक निर्माण विभाग और निर्माण एजेंसी पर टिकी हैं। यदि विभाग अपने ही निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा कराता है तो यह ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत होगी। वहीं, यदि निर्धारित समयसीमा के बाद भी कार्य में अनावश्यक विलंब होता है, तो यह स्वाभाविक रूप से अधिकारियों और संबंधित एजेंसी की जवाबदेही पर सवाल खड़े करेगा।